राज्य में अगले 48 घंटों में मौसम में बदलाव का अनुमान, हो सकती है हल्की बारिश

रांची: राज्य के कई जिलों में गुरुवार और शुक्रवार को बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार इन दो दिनों में राज्य में कहीं गर्जन, वज्रपात के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, सिमडेगा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग में भारी बारिश हो सकती है। हालांकि आठ मार्च से मौसम के साफ़ रहने की उम्मीद है।
वहीं, होली के दौरान भी आसमान साफ़ रहने की उम्मीद जताई जा रही है। इस दौरान तापमान 16 डिग्री से 27 डिग्री के बीच रह सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि एक मार्च से प्री-मानसून शुरू होता है। इस दौरान गर्जन, वज्रपात और बारिश काल बैसाखी के कारण होता है। इसका असर बंगाल, बिहार, झारखंड सहित अन्य राज्यों में देखा जा सकता है। ईरान और उसके आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण साइक्लोनिक सर्कुलेशन उत्पन्न हो रहा है। इसका असर राज्य में में भी दिख रहा है, जो कि सात मार्च तक रहेगा।


