गर्मी शुरू होते ही झारखंड के कई जंगल में लगी आग, पारसनाथ पहाड़ के जंगल में भी लगी हुई है आग

रांची : गर्मियों का मौसम शुरू होने के साथ ही वन आच्छादित राज्य झारखंड के कई वन क्षेत्रों में आग लग गयी है। इसमें गिरिडीह जिले में पड़ने वाले पारसनाथ पहाड़ व उससे सटे धनबाद जिले के तोपचांची के जंगल में भी आग लगी हुई है। इसके साथ ही रांची के पिठोरिया के जंगलों में भी आग लग गयी जिसे बामुश्किल लोगों ने दमकल विभाग व पुलिस प्रशासन की मदद से काबू किया।
इस संबंध में श्रमिक नेता व पारसनाथ से जुड़े रहे बच्चा सिंह कहते हैं कि हर साल गर्मियों के मौसम में वहां के जंगल में आग लगती है। उनके अनुसार, यह आग अक्सर महुआ चुनने की वजह से लगती है और इसके अन्य दूसरे कारण भी हो सकते हैं। उनका कहना है कि आग पर काबू करने के लिए सरकार की ओर से कोई व्यवस्था नहीं है और स्थानीय लोग इसे अपने उपायों से नियंत्रित करते हैं।
21 मार्च को अंतरराष्ट्रीय वन दिवस बहुत जोरों शोरों से मनाया गया।लेकिन आज पारसनाथ समेत तोपचांची के नजदीक जंगलों में भिसन आग लगा हुआ है। पेड़ न काटने के साथ साथ आग से जल रहे जंगलों को बचाइए।🌿🙏@HemantSorenJMM @SitaSorenMLA @ChampaiSoren @Rabindranathji @BannaGupta76 @MithileshJMM pic.twitter.com/ru1OaiUxID
— Prakash Yadav Snake Saver (@YadavSaver) March 30, 2021
रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र में बाजार से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित जंगल में मंगलवार को आग लग गयी। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस व अग्निशमन विभाग को दी। आग बुझाने के लिए वन रक्षा समिति आगे आयी और उसने पुलिस व अग्निशमन विभाग के साथ अगलगी की घटना के डेढ घंटे बाद इस पर काबू पाया। अगलगी की इस घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि कुछ शरारती तत्वों ने जानबूझ कर जंगल में आग लगा दी। पिठोरिया वन सुरक्षा समिति के अध्यक्ष महावीर महतो के अनुसार, राहगीरों द्वारा जलती हुई सिगरेट फेंक दिए जाने के कारण जंगल में बार-बार आग लग जाती है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से यह मांग की है कि भुसूर जंगल से होकर गुजरने वाले राहगीरों को वहां रुकने नहीं दिया जाए ताकि वे कोई ऐसी हरकत न कर सकें जिससे जंगल को नुकसान हो।
झारखण्ड के वन-पर्यावरण मंत्री श्री @ChampaiSoren जी
बोकारो जिले में स्थित लुगू पहाड़ के जंगलों में तीन दिनों से लगीं हैं आग। श्री @HemantSorenJMM जी पेड़-पौधे पशु-पक्षी, जंगलों,जानवरों को प्रभावित होने से बचाएं। 🙏🌿
“पेड़-पौधे को मत करों नष्ट,साँस लेने में होगा कष्ट”@BokaroDc https://t.co/n39QydgmYC— Prakash Yadav Snake Saver (@YadavSaver) February 28, 2021
उधर, गिरिडीह जिले के ही राजधनवार प्रखंड के दउदानगर गांव के मंझलीटांड़ टोला में भी मंगलवार को आग लग गयी जिससे इस टोला में बांस, आम, कटहल के करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के पौधे जल कर नष्ट हो गए। लोगों का कहना है कि महुआ चुनने के दौरान संभवतः किसी ने सूखे पत्ते में आग लगा दी जिससे यह हादसा हो गया।




