कदाचारमुक्त JTET परीक्षा के लिए सिमडेगा प्रशासन अलर्ट, 11 केंद्रों पर सीसीटीवी से होगी निगरानी

JTET परीक्षा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करतीं उपायुक्त कंचन सिंह
उपायुक्त कंचन सिंह ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, परीक्षा की निष्पक्षता से समझौता नहीं

सिमडेगा : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में ब्रीफिंग बैठक की गई। सिमडेगा जिला प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर यातायात प्रबंधन तक व्यापक तैयारियां की हैं। आगामी 1 नवंबर (रविवार) को जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा को लेकर प्रशासनिक एवं पुलिस महकमा पूरी तरह सक्रिय है। परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने तथा विधि-व्यवस्था की समीक्षा के लिए उपायुक्त कंचन सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने बारी-बारी से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों के साथ ब्रीफिंग की। बैठक में परीक्षा संचालन की जिम्मेदारियों से लेकर अभ्यर्थियों की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता और यातायात व्यवस्था तक विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूरी परीक्षा प्रक्रिया में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और कदाचार में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को अपने परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर बिजली, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। सभी परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार पर पुरुष एवं महिला सुरक्षाकर्मियों द्वारा अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जाएगी। मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, व्यवस्थित कतार प्रबंधन एवं सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर प्राथमिक चिकित्सा किट की व्यवस्था करने को भी कहा गया।

उपायुक्त ने द्वितीय पाली की परीक्षा को लेकर विशेष रूप से पूर्व तैयारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र एवं परीक्षा सामग्री के हस्तांतरण के लिए समय काफी सीमित रहेगा। ऐसे में प्रत्येक केंद्राधीक्षक परीक्षा कक्षवार रोल नंबर सूची पहले से तैयार कर उसका प्रिंट सुरक्षित रखें तथा प्रत्येक कक्ष के लिए अलग-अलग कर्मियों की जिम्मेदारी निर्धारित करें। प्रश्नपत्रों की सुरक्षित एवं समयबद्ध आपूर्ति, परीक्षा केंद्रों के स्वच्छीकरण और निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए टाउन हॉल एवं आनंद भवन सहित निर्धारित स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

वहीं, पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने कहा कि परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। बस स्टैंड सहित प्रमुख आवागमन स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। कोलेबिरा घाटी में संभावित जाम की समस्या से निपटने के लिए दो जेसीबी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है, ताकि सड़क जाम होने की स्थिति में तत्काल रास्ता साफ कर यातायात बहाल किया जा सके। इसके अतिरिक्त जिले के सभी होटल एवं लॉज का निरीक्षण करने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

परीक्षा के दौरान अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर अंकुश लगाने के लिए साइबर सेल को व्हाट्सएप, फेसबुक, टेलीग्राम सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं ग्रुपों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को सोशल मीडिया के माध्यम से अभ्यर्थियों तक परीक्षा संबंधी आवश्यक सूचनाएं पहुंचाने तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर रूट मैप एवं प्रतिबंधित गतिविधियों की जानकारी से संबंधित बैनर लगाने को कहा गया।

गौरतलब है कि उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा प्रथम पाली में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा द्वितीय पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को प्रथम पाली में सुबह 9 बजे तक तथा द्वितीय पाली में दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा। निर्धारित समय के बाद प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी अलग-अलग की जाएगी। इसके लिए अलग-अलग कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

बैठक में अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो, अनुमंडल पदाधिकारी सुमन्त तिर्की, डीएसपी रणवीर सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More