JTET परीक्षा को लेकर सिमडेगा के 11 केंद्रों पर निषेधाज्ञा लागू, 200 मीटर के दायरे में रहेगी पाबंदी

सिमडेगा में JTET परीक्षा को लेकर 11 केंद्रों पर निषेधाज्ञा
31 अक्टूबर शाम 4 बजे से 1 नवंबर तक लागू रहेगा आदेश, पांच या अधिक लोगों के जुटने और फोटो कॉपी दुकानों के संचालन पर रोक

सिमडेगा : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 के निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त संचालन तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिमडेगा जिले के 11 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है। अनुमंडल दंडाधिकारी सुमन्त तिर्की ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है। निषेधाज्ञा 31 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 4 बजे से 1 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी।

झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची की ओर से JTET-2026 परीक्षा 1 नवंबर (रविवार) को जिले के 11 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इनमें सिमडेगा कॉलेज, विमेंस कॉलेज, संत अन्ना बॉयज हाई स्कूल सामटोली, डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, उर्सुलाइन कॉन्वेंट गर्ल्स हाई स्कूल सामटोली, सेंट मैरी हाई स्कूल सामटोली, मुख्यमंत्री एक्सीलेंस गर्ल्स स्कूल, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, डीएवी पब्लिक स्कूल टुकुपानी, सेंट जॉन्स इंग्लिश मीडियम स्कूल फरसाबेड़ा और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (SOE) शामिल हैं।

परीक्षा केंद्रों के आसपास कई गतिविधियों पर रोक

जारी आदेश के अनुसार, परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध रहेगा। किसी भी व्यक्ति के हथियार, लाठी, डंडा और आग्नेयास्त्र लेकर चलने पर रोक रहेगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्टवॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के उपयोग एवं बिक्री पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

इसके अलावा परीक्षा अवधि में केंद्रों के समीप फोटो कॉपी और प्रिंटिंग की दुकानें बंद रहेंगी। किसी भी प्रकार की नारेबाजी, जुलूस और ध्वनि विस्तारक यंत्रों, DJ तथा लाउडस्पीकर के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनधिकृत वाहन पार्किंग और भीड़-भाड़ पर भी रोक रहेगी।

परीक्षा कार्य में बाधा डालना होगा दंडनीय

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा कार्य में तैनात दंडाधिकारी, पुलिस बल और अन्य कर्मियों के काम में बाधा उत्पन्न करना दंडनीय होगा। हालांकि, यह निषेधाज्ञा ड्यूटी पर तैनात कर्मियों, पदाधिकारियों और पुलिस बलों पर लागू नहीं होगी।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More