झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 1 नवंबर को, सिमडेगा में 11 केंद्रों पर होगी परीक्षा

सिमडेगा में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा की तैयारियों को लेकर बैठक करतीं उपायुक्त कंचन सिंह।
पहली पाली में 3,924 और दूसरी पाली में 3,504 अभ्यर्थी होंगे शामिल, कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए उड़नदस्ता व गश्ती दल तैनात

सिमडेगा : झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची की ओर से आयोजित झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JHTET) 2026 के सफल संचालन को लेकर उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में सभी केंद्राधीक्षकों के साथ बैठक हुई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी संयुक्तादेश के अनुसार, जिले में 1 नवंबर 2026 (रविवार) को 11 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए उड़नदस्ता दल, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, गश्ती दल और स्टेटिक दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी, जिसमें उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) के अभ्यर्थी शामिल होंगे। दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी, जिसमें प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा ली जाएगी।

जारी केंद्रवार सूची के अनुसार, पहली पाली में कुल 3,924 और दूसरी पाली में 3,504 अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था की गई है। परीक्षा के लिए सिमडेगा कॉलेज, वीमेंस कॉलेज, संत अन्ना बालक उच्च विद्यालय सामटोली, जिला सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, उर्सुलाइन कॉन्वेंट गर्ल्स हाई स्कूल, संत मेरीज हाई स्कूल सामटोली, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, डीएवी पब्लिक स्कूल टुकूपानी, सेंट जॉन्स इंग्लिश मीडियम स्कूल फरसाबेड़ा और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (SOE), सिमडेगा को केंद्र बनाया गया है।

सभी केंद्राधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों पर बेंच-डेस्क, सीसीटीवी, प्रकाश व्यवस्था के लिए जनरेटर, पेयजल, समुचित शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, केंद्रों की निगरानी करने और किसी भी गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उड़नदस्ता दल परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेगा, जबकि गश्ती दल और स्टेटिक दंडाधिकारी अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों पर दो घंटे पहले रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है। इसके तहत सुबह 7:30 बजे से फ्रिस्किंग शुरू की जाएगी। फ्रिस्किंग के लिए महिला और पुरुष अभ्यर्थियों की अलग-अलग व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट लेकर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। मोबाइल फोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बाहर रखने होंगे। नियंत्रण कक्ष एनआईसी में बनाया गया है। केंद्रों से कोषागार तक के लिए रूट चार्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सभी केंद्राधीक्षकों को मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) की जानकारी दी गई।

अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था के निर्देश

जिले में बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी को होटलों, धर्मशालाओं, नगर भवन सहित सभी संभावित स्थलों पर ठहरने की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया गया, ताकि अभ्यर्थियों को रहने में परेशानी न हो।

बैठक में अपर समाहर्ता-सह-वरीय नोडल पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, अनुमंडल पदाधिकारी सुमन्त तिर्की, जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी मिथिलेश केरकेट्टा, पुलिस उपाधीक्षक रणवीर सिंह, पवन कुमार महतो सहित सभी केंद्राधीक्षक उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More