Sahebganj News: सिद्धो-कान्हू सभागार में स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने हेतु ‘तेजस’ कार्यशाला आयोजित

विशेषज्ञ सत्र के दौरान ध्यानपूर्वक जानकारी प्राप्त करते साहिबगंज के युवा व महिला उद्यमी।

साहिबगंज: जिले में उद्यमिता, नवाचार एवं स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिद्धो-कान्हू सभागार में ‘TEJAS’ (Transforming Entrepreneurial Journeys Across States & Districts) जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग, स्टार्टअप इंडिया, झारखंड सरकार एवं JIIDCO के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी उमेश कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी मनोज मनजीत, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र राजेंद्र प्रसाद, EODB प्रबंधक चंद्रशेखर शर्मा, साहिबगंज महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह, चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल एवं आईटीआई कॉलेज प्रभारी प्रधानाचार्य द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को उद्यमिता एवं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। युवाओं में नए विचारों और नवाचार की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराकर सफल उद्यम में बदलने की। उन्होंने युवाओं से सरकार की स्टार्टअप नीतियों का लाभ उठाने की अपील की।

कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को स्टार्टअप शुरू करने की प्रक्रिया, बिजनेस आइडिया को विकसित करने, मेंटरशिप, क्षमता निर्माण, नवाचार, नेटवर्किंग, वित्तीय सहयोग, इन्क्यूबेशन और बाजार से जुड़ाव जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही विभिन्न सरकारी सहायता योजनाओं के बारे में भी बताया गया। इस दौरान युवाओं, विद्यार्थियों, महिला उद्यमियों और कारीगरों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं और उभरते उद्यमियों को विशेषज्ञों एवं उद्यमिता से जुड़े हितधारकों के साथ जोड़ने के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना था, ताकि स्थानीय प्रतिभा को प्रोत्साहित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सके।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More