Sahibganj News: पितृ पक्ष पर गंगा तट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, वैदिक मंत्रों से गूंज रहा मुक्तेश्वर धाम

पिंडदान और तर्पण के लिए दूर-दराज से पहुंच रहे श्रद्धालु
साहिबगंज: पितृ पक्ष शुरू होते ही साहिबगंज में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। 27 सितंबर से शुरू हुआ पितृ पक्ष 10 अक्टूबर को सर्वपितृ अमावस्या तक चलेगा। इस दौरान साहिबगंज के मुक्तेश्वर धाम स्थित उत्तरवाहिनी गंगा तट पर सुबह से शाम तक पिंडदान और तर्पण का सिलसिला जारी है। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु गंगा के पवित्र जल के समक्ष अपने पितरों को याद कर पिंड अर्पित कर रहे हैं।
गंगा तट पर सुबह से ही पुरोहितों के मंत्रोच्चार और शंखध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। कोई अपने पिता के नाम पर पिंडदान कर रहा है, तो कोई दादा-परदादा की आत्मा की शांति के लिए तर्पण कर रहा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, गंगा तट पर पिंडदान और तर्पण करने से पितरों को मोक्ष की प्राप्ति होती है और परिवार पर उनका आशीर्वाद बना रहता है। श्रद्धालु पितरों की आत्मा की शांति के साथ परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
धर्मशास्त्रों में प्रयागराज को विष्णु का मुख, काशी को नाभि और गया को चरण माना गया है। इसी वजह से पिंडदान के लिए इन तीनों तीर्थस्थलों का विशेष महत्व बताया जाता है। हालांकि, हर व्यक्ति के लिए प्रयागराज, काशी या गया जाना संभव नहीं होता। ऐसे में श्रद्धालु अपने नजदीकी पवित्र गंगा तट मुक्तेश्वर धाम पहुंचकर विधि-विधान से पितृ कर्म कर रहे हैं।
पुरोहितों के अनुसार, पितृ पक्ष में तर्पण, श्राद्ध और दान-पुण्य का विशेष महत्व है। पितृ पक्ष के चलते अगले कई दिनों तक मुक्तेश्वर धाम का गंगा तट आस्था, परंपरा और श्रद्धा के संगम का गवाह बना रहेगा।


