Sahibganj News : सुरक्षित बचपन अभियान के तहत स्कूलों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम

बच्चों को बाल अधिकार, पॉक्सो एक्ट और साइबर अपराध से बचाव के बताए गए उपाय

साहिबगंज ; झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज के अध्यक्ष सुभाष के मार्गदर्शन में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत स्कूली बच्चों को बाल अधिकार, बाल संरक्षण, पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह निषेध, साइबर अपराधों से बचाव एवं हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस संबंध में प्राधिकार के प्रभारी सचिव सह अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अभिषेक प्रसाद ने बताया कि बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को गुड टच-बैड टच, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और अनजान लोगों से सतर्क रहने के बारे में भी जागरूक किया गया।

उन्होंने बताया कि लीगल एड डिफेंस काउंसिल एवं पारा विधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) ने जिले के विभिन्न विद्यालयों में जाकर बच्चों को बाल अधिकारों एवं संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि किसी भी प्रकार के शोषण, हिंसा या असुरक्षा की स्थिति में वे 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 पुलिस हेल्पलाइन और जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क कर सकते हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More