Sahebganj News: मंईयां सम्मान योजना के तहत 1.71 लाख दीदियों को मिले 42.82 करोड़

साहिबगंज: झारखंड सरकार ने दुर्गा पूजा से ठीक पहले साहिबगंज जिले के लाखों जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा संचालित दो बड़ी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत जिले के 3,11,647 लाभुकों के बैंक खातों में 64 करोड़ 92 लाख से अधिक की राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से भेजी गई है।
मंईयां सम्मान योजना: 1.71 लाख दीदियों को 42.82 करोड़
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत जिले की 1,71,302 पात्र महिलाओं को सितंबर माह की सम्मान राशि के रूप में प्रति लाभुक 2500 रुपये की दर से कुल ₹42,82,55,000का भुगतान किया गया है। राशि लाभुकों के खाते में पहुंचते ही महिलाओं में खुशी का माहौल है।
सर्वजन पेंशन योजना: 1.40 लाख लाभुकों को 22.09 करोड़ की पेंशन
वहीं, मुख्यमंत्री सर्वजन पेंशन योजना के तहत जिले के 1,40,345 लाभुकों को सितंबर माह की पेंशन के रूप में प्रति लाभुक 1000 रुपये की दर से कुल ₹22,09,51,000की राशि हस्तांतरित की गई।
पेंशन योजना के लाभुकों का वर्गवार विवरण
- मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन (SSSOAPS) – 1,01,687 लाभुक
- मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन (RVSPY) – 17,284 लाभुक
- मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन (AJJPY) – 11,302 लाभुक
- स्वामी विवेकानंद निःशक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना (SVNSPY) – 9,878 लाभुक
- मुख्यमंत्री राज्य HIV/AIDS पेंशन (IDPS) – 195 लाभुक
इस संबंध में उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद, वंचित एवं पात्र वर्गों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। जिला प्रशासन द्वारा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ नियमित एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है। दुर्गा पूजा से पहले खाते में राशि आने से लाभुकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सभी ने सरकार का आभार जताया है।


