Sahebganj News: दुर्गा पूजा की तैयारी तेज, बंगाल से आए कारीगर बना रहे भव्य पंडाल

साहिबगंज में दुर्गा पूजा को लेकर पंडाल निर्माण में जुटे बंगाल से आए कारीगर।

साहिबगंज: नवरात्रि नजदीक आते ही शहर में दुर्गा पूजा की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। शहर के प्रमुख पूजा पंडालों में बांस-बल्ली गाड़ने के साथ टेंट और पंडाल निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। काटरगंज पूर्वांचल दुर्गा पूजा समिति, झरना कॉलोनी, रेलवे टॉकीज फील्ड, चौक बाजार, सकरोगढ़, रिफ्यूजी कॉलोनी सहित अन्य देवी स्थानों पर पंडाल निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। सुबह से ही कारीगर पंडाल को आकार देने में जुटे हुए हैं।

इस बार पंडालों को भव्य और आकर्षक रूप देने के लिए पश्चिम बंगाल से विशेष कारीगर बुलाए गए हैं। कारीगर दिन-रात पंडाल निर्माण में जुटे हैं, ताकि समय पर माता का दरबार सजकर तैयार हो सके। पूर्वांचल दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में और अधिक आकर्षक व थीम आधारित पंडाल बनाने की योजना है। पंडाल के साथ लाइटिंग, डेकोरेशन और सजावट को लेकर भी बंगाल के कलाकारों से संपर्क किया गया है।

दुर्गा पूजा को लेकर शहरवासियों में भी उत्साह बढ़ने लगा है। बाजारों में पूजा की चहल-पहल तेज हो गई है। पूजा सामग्री और सजावट से जुड़ी दुकानों पर भी रौनक नजर आने लगी है। मां दुर्गा के आगमन से पहले ही पूरा शहर धीरे-धीरे भक्तिमय माहौल में रंगता नजर आ रहा है।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More