रांची में सड़क सुरक्षा अभियान: 600-700 वाहन चालकों को किया जागरूक, मुफ्त हेलमेट भी बांटे

रांची में सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान वाहन चालकों को जागरूक करते परिवहन विभाग के अधिकारी
दलादली चौक, तिलता चौक और ओरमांझी में चला अभियान, नुक्कड़ नाटक के जरिए समझाए यातायात नियमों के महत्व

रांची : सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रांची के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। परिवहन सचिव राजीव रंजन की उपस्थिति में दलादली चौक, तिलता चौक एवं ओरमांझी सहित विभिन्न क्षेत्रों में वाहन चालकों, दुकानदारों और आम नागरिकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।

नागरिकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता

इस अवसर पर परिवहन सचिव राजीव रंजन ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर और संवेदनशील हैं। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा राज्य के नागरिकों के जीवन की रक्षा करना सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने नागरिकों के बीच नागरिक चेतना विकसित करने और सड़क सुरक्षा नियमों को दैनिक जीवन में अपनाने पर जोर दिया।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा को केवल प्रशासन की जिम्मेदारी न समझें, बल्कि इसे अपना व्यक्तिगत और सामाजिक दायित्व मानें। हेलमेट पहनना, यातायात नियमों का पालन करना, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना, अवैध पार्किंग से बचना और सड़कों को अतिक्रमणमुक्त रखना अपनी आदत में शामिल करें।

बिना हेलमेट चलाने वाले 600-700 वाहन चालकों को किया जागरूक

अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले लगभग 600 से 700 वाहन चालकों को जागरूक किया गया। उन्हें समझाया गया कि हेलमेट पहनना केवल कानूनी अनिवार्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। दुर्घटना की स्थिति में हेलमेट सिर में गंभीर चोट लगने और मृत्यु के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और आवश्यक सावधानियां बरतने की हिदायत दी गई। अभियान का उद्देश्य केवल नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था।

माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर दिया सुरक्षित यातायात का संदेश

अभियान के दौरान वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए आत्मीय और जनसहभागितापूर्ण तरीके अपनाए गए। लोगों को माला पहनाकर और मुंह मीठा कराकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया। साथ ही, निःशुल्क हेलमेट और सड़क सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।

नुक्कड़ नाटक से समझाए सड़क सुरक्षा के नियम

अभियान को प्रभावी और रोचक बनाने के लिए कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से हेलमेट नहीं पहनने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने और लापरवाही से वाहन चलाने के दुष्परिणामों को दर्शाया गया। नाटक में यमराज के पात्र के माध्यम से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों को प्रतीकात्मक तरीके से समझाया गया। इन प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया।

अवैध पार्किंग और अतिक्रमण से बचने की अपील

अभियान के दौरान सड़क किनारे दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को भी जागरूक किया गया। उन्हें सड़क पर अनधिकृत रूप से सामान रखने, दुकानों का सामान सड़क तक फैलाने और बड़े वाहनों को अनियमित रूप से पार्क करने से होने वाली परेशानियों एवं दुर्घटनाओं के प्रति सचेत किया गया।

लोगों से सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त रखने, वाहनों को निर्धारित एवं उपयुक्त स्थान पर पार्क करने तथा यातायात के सुचारु संचालन में सहयोग देने की अपील की गई।

आगे भी जारी रहेंगे जागरूकता अभियान

परिवहन विभाग की ओर से इस प्रकार के जागरूकता अभियानों को आगे भी निरंतर संचालित करने पर जोर दिया गया, ताकि नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़े, व्यवहार में सकारात्मक बदलाव आए, अवैध पार्किंग और सड़क अतिक्रमण पर अंकुश लगे तथा रांची सहित पूरे राज्य में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी, रांची अखिलेश कुमार, मोटर वाहन निरीक्षक राहुल सिद्धार्थ, आईटी असिस्टेंट कविता कुमारी, सड़क सुरक्षा अभियंता गौरव कुमार एवं अभय कुमार, सड़क सुरक्षा मित्र आशुतोष द्विवेदी तथा ट्रैफिक पुलिस के जवानों सहित परिवहन विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More