Ranchi News: DSPMU में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर ‘प्रवाह व्याख्यानमाला’ के तहत सेमिनार आयोजित

रांची: गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची के रविन्द्र नाथ टैगोर सभागार में ” विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस ” पर विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर मनोविज्ञान विभाग के द्वारा प्रवाह व्याख्यानमाला श्रृंखला के तहत एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुलपति डॉ राजीव मनोहर, मनोविज्ञान विभागाध्यक्षा और निदेशक, स्टूडेंट अफेयर्स डॉ मीनाक्षी कुजूर और मुख्य वक्ता के तौर पर डॉ प्रशांत श्रीवास्तव, सहायक प्राध्यापक और प्रभारी, मनोरोग सामाजिक कार्य विभाग, सीआईपी, कांके उपस्थित थे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अपने संबोधन में कहा कि, चिंता नहीं, चिंतन करें, अपने मानसिक स्वास्थ्य की रक्षा करें। उन्होंने इसे और अधिक स्पष्ट करते हुए कहा कि, विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस का वर्ष 2026 का जो थीम है वह है, जीने के अनुभवों को सुना गया, सच्ची आवाजें, सच्चा बदलाव। यह हमें बताता है कि इसका उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं और अनुभवों से सीधे गुजर चुके लोगों की राय और आवाज को नीतियों और देखभाल सेवाओं में शामिल करना हैं।
उन्होंने आगे कहा कि यह विषय मानसिक स्वास्थ्य संघ द्वारा निर्धारित किया गया है। यह इस बात पर जोर देता है कि वास्तविक बदलाव केवल बाहर से नियम बनाने से नहीं, बल्कि उन लोगों की बात सुनने में है, जो खुद मानसिक स्वास्थ्य चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने आगे कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि समाज में मौजूद ऐसे लोगों को सही समय, सहयोग और सूचना मिलें। मौके पर मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ मीनाक्षी कुजूर ने कहा हमें अपनी जरूरतों को सीमित साधनों में ही पूरा करने की आदत डालनी होगी।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन की नींव मानसिक स्वास्थ्य पर ही निर्भर करती है। मुख्य वक्ता डॉ प्रशांत श्रीवास्तव ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को जीवन के तनावों से निपटने के लिए अपनी जीवनशैली में सुधार लाना चाहिए और कार्यों को बेहतर ढंग से करने के लिए सक्षम होना चाहिए। मौके पर सीआईपी के डॉ अताउल्ला और कार्यक्रम के समन्वयक डॉ प्रकाश उरांव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर डीन, सामाजिक संकाय डॉ एसएम अब्बास, डॉ रीना नंद, डॉ स्मृतिकाना घोष, डॉ शकील के अलावा विद्यार्थियों की मौजूदगी रही। यह जानकारी निदेशक, जनसंपर्क डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी।


