मुख्य सचिव ने किया जेसोवा दीपावली मेले का उद्घाटन, जरूरतमंदों की मदद के लिए दी गई लाखों की राशि

रांची : मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने गुरुवार को मोरहाबादी मैदान में झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (JIASOWA) द्वारा आयोजित जेसोवा दीपावली मेला 2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने जेसोवा के सामाजिक सरोकारों और जनहित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह मेला केवल व्यापार और मुनाफे तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य जरूरतमंदों की आर्थिक मदद करना और समाज के वंचित वर्गों के कल्याण में योगदान देना है।
मुख्य सचिव ने कहा कि जेसोवा विशेष बच्चों सहित अन्य बच्चों की प्रतिभा निखारने, उन्हें रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रयास कर रहा है। यह पहल शिक्षा के प्रसार, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, कला-संस्कृति के संरक्षण और समाज के समग्र विकास के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि जेसोवा दीपावली मेला देश के विभिन्न हिस्सों से आए शिल्पकारों, कारीगरों और कलाकारों को अपनी प्रतिभा और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर देता है। यह विभिन्न क्षेत्रों की कला, संस्कृति और परंपराओं को जानने तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने आयोजकों से मेले का संचालन तत्परता, पारदर्शिता और समर्पण के साथ करने की अपील की। साथ ही स्टॉल संचालकों, कलाकारों और आगंतुकों के हितों का ध्यान रखने पर जोर दिया।
तीन जिलों के पुस्तकालयों को 15-15 लाख रुपये
शिक्षा को बढ़ावा देने और जिलों में अध्ययन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जेसोवा ने चाईबासा, देवघर और दुमका के पुस्तकालयों के विकास के लिए प्रत्येक जिले को 15-15 लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। इससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने, ज्ञान एवं कौशल विकसित करने और बेहतर अवसर प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
इसके अलावा, मूक-बधिर एवं दृष्टिबाधित बच्चों को संगीत शिक्षा देने के लिए श्रेयशी बनर्जी को 96 हजार रुपये की सहयोग राशि दी गई। वहीं, बच्चों में कला और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आर्ट एंड क्राफ्ट के क्षेत्र में स्वास्तिका बनर्जी को भी 96 हजार रुपये प्रदान किए गए।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के स्टॉल पर योजनाओं की जानकारी
दिवाली मेले में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के स्टॉल पर आम लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। यहां सरकारी योजनाओं से संबंधित पत्र-पत्रिकाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही योजनाओं पर आधारित शॉर्ट फिल्में और डॉक्यूमेंट्री एलईडी टीवी के माध्यम से दिखाई जा रही हैं।
बारिश के बावजूद मेले में उत्साह
बारिश के बावजूद जेसोवा दीपावली मेले में लोगों का उत्साह बरकरार रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सितार और सरोद की जुगलबंदी, सुगम संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को आकर्षित किया। कठपुतली शो भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।
3 नवंबर को होगा मेले का समापन
JIASOWA की अध्यक्ष प्रीति कुमार ने बताया कि मौसम की स्थिति और बारिश की संभावना को देखते हुए जेसोवा दीपावली मेला 2026 के समापन की तिथि में बदलाव किया गया है। मेले में शामिल वेंडर्स को आर्थिक नुकसान से बचाने के उद्देश्य से अब इसका समापन 2 नवंबर के बजाय 3 नवंबर 2026 को होगा।


