इंजीनियरिंग कॉलेज और भूखल घासी को लेकर बाउरी ने किया प्रदर्शन

रांची: मानसून सत्र के दूसरे दिन भी सदन के बाहर हो या अंदर हंगामा मचा रहा. चंदनकियारी विधायक अमर कुमार बाउरी सत्र शुरू होने से पहले चंदनकियारी के इंजीनियरिंग कॉलेज को वापस करने और दलित परिवार भूखल घासी के परिजनों को मुआवजा और सुरक्षा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया.

लाठी और गोली के बल अधिकार छीन रही सरकार

उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार लाठी और गोली के बल पर यहां की जनता, दलित, गरीब के अधिकारों को छीनने का प्रयास कर रही है. वहीं उन्होंने कहा कि चंदनकियारी अनुसूचित जाति आरक्षित क्षेत्र है. ऐसे में पिछली सरकार ने वहां के युवाओं को उच्च शिक्षा और आर्थिक रूप से समृद्ध करने के लिए चंदनकियारी में एक इंजीनियरिंग कॉलेज की स्वीकृति प्रदान की थी.

चंदनकियारी से सरकार ने छीना इंजीनियरिंग कॉलेज

हेमंत सरकार ने चंदनकियारी से इंजीनियरिंग कॉलेज को रद्द कर कहीं और स्थापित करने का निर्णय लिया है. उन्होंने सरकार से मांग किया कि चंदनकियारी में बनने वाले इंजीनियरिंग कॉलेज को चंदनकियारी में ही स्थापित किया जाए.

 भूखल घासी को मिले सुविधा

वहीं उन्होंने भूख से हुई भूखल घासी की मौत को लेकर सरकार से मांग किया कि पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये की सहायता राशि, एक आश्रित को सरकारी नौकरी, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और वहां बसे अन्य घासी परिवार के लिए नौकरी और अन्य योजनाओं का लाभ दिया जाए.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More