आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने गुमला पहुंचकर दिवंगत नेत्री निशा भगत के परिजनों से मुलाकात की

गुमला के चैनपुर में दिवंगत नेत्री निशा भगत के पिता हांदू भगत से मुलाकात करते आजसू प्रमुख सुदेश महतो।

रांची: पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो आज गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित दिवंगत आदिवासी महिला नेत्री निशा कुमारी भगत के पैतृक गांव उरु बारुडीह पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल पिता एवं झारखंड आंदोलनकारी हांदू भगत सहित परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने परिजनों को इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। महतो के साथ पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी एवं मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत भी मौजूद थे।

इस अवसर पर महतो ने कहा कि निशा भगत की फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। यह कोई सामान्य घटना नहीं है। पूरे घटनाक्रम की गंभीरता को देखते हुए इसकी निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय हो।

उन्होंने कहा कि इस घटना ने हेमंत सरकार और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। राज्य सरकार पूरी तरह दिशाहीन हो चुकी है। आज प्रदेश में कोई भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है। ऐसा प्रतीत होता है कि शासन-प्रशासन पर सरकार का नियंत्रण कमजोर पड़ गया है और अधिकारी तथा माफिया मिलकर व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं।

महतो ने कहा कि आत्महत्या से पहले निशा भगत का फोन आने के बावजूद संबंधित थाना प्रभारी द्वारा समय रहते सक्रियता नहीं दिखाना बेहद गंभीर कर्तव्यहीनता का मामला है। यह घटना पुलिस-प्रशासन की संवेदनहीनता और जवाबदेही पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य सरकार की ओर से इस घटना पर संवेदना तक व्यक्त नहीं की गई।

महतो ने मांग की कि दिवंगत निशा कुमारी भगत की मौत के पूरे घटनाक्रम की सीबीआई जांच कराई जाए, घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए तथा जांच में जिनकी भी भूमिका या लापरवाही सामने आए, उनके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव गोपीनाथ सिंह, गुमला जिला अध्यक्ष दिलीप नाथ साहू, विज्ञान सिंह सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More