Ranchi News: सीआरपीएफ जवान ने की आत्महत्या, अपनी इंसास राइफल से खुद को मारी गोली

रांची: रांची के नगड़ी स्थित सैम्बो कैंप में सीआरपीएफ जवान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. घटना गुरुवार की है. मृतक जवान की पहचान बोकारो निवासी राहुल कुमार मल्लिक के रूप में हुई है. बताया गया कि घटना के समय वह ड्यूटी पर था, तभी उसने अपनी इंसास राइफल से खुद को गोली मार ली. गोली की आवाज सुनकर सभी जवान मौके पर पहुंचे तो देखा कि राहुल जमीन पर पड़ा था. बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलने के बाद सीआरपीएफ के वरीय अधिकारी समेत नजदीकी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है. आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से तनाव में था. आपको बता दें कि एक दिन पहले बुधवार की सुबह चाईबासा में ड्यूटी पर तैनात एक एएसआई ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी.


