बाबूलाल मरांडी ने रांची की मेयर का किया समर्थन, कोरोना संकट से जूझ रहे निगमकर्मियों की सुध ले सरकार

रांची : झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने रांची की मेयर आशा लकड़ा की उस मांग का समर्थन किया है, जिसमें उन्होंने कोरोन के संकट से जूझने के लिए 10 करोड़ रुपये की मांग की है. उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लिखे पत्र में अपनी बात रखी है. इस संबंध में बाबूलाल मरांडी ने लिखा है कि कोरोना महामारी से लड़ने में हमारे सफाई व सेनेटाइजेशन का काम करने वाले निगम कर्मचारी आगे हैं. वे पूरी तत्परता से अपनी जिम्मेवारी निभा रहे हैं. जबकि इन्हें कोरोना से जंग लड़ने के लिए अबतक आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं करायी गयी है. उन्होंने इसे राज्य सरकार का पक्षपात पूर्ण रवैया बताते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है.

 

उन्होंने कहा है कि जानकारी मिली है कि रांची की मेयर ने सरकार से पत्राचार कर 10 करोड़ रुपये की राशि मुहैया कराने की मांग की थी. पर, उन्हें इसके लिए पैसा उपलब्ध नहीं कराना दुःखद है. उन्होंने कहा कि रांची नगर निगम के सैकड़ों कर्मचारी बिना पीपीइ किट और अन्य अति आवश्यक संसाधनों के सफाई कार्य में जुटे हुए हैं. उन्होंने कहा कि जब राजधानी के नगर निगम का यह आलम है तो राज्य के अन्य नगर निगमों की भी ऐसी ही तसवीर होगी.

 

उन्होंने मांग की कि अविलंब नगर निगमों को राशि उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने कहा कि यह ध्यान रहे कि मेयरों के कंधे पर सिर्फ नीति निर्धारण ही नहीं कार्यपालिका का भी दायित्व है. मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में उन्होंने कहा है कि वे इस मामले की गंभीरता को समझते हुए इस दिशा में त्वरित कदम उठाएंगे ऐसी आशा है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More