ज्यां द्रेज व साथियों ने रांची में क्रिकेट स्टेडियम के बाहर स्कूल बंद और क्रिकेट चालू के खिलाफ किया प्रदर्शन

रांची : अर्थशास्त्री एवं प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता ज्यां द्रेज एवं अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रांची में क्रिकेट स्टेडियम के बाहर प्रदर्शन कर स्कूल खोलने की मांग की और क्रिकेट मैच के लिए भारी भीड़ जुटाने का विरोध किया। ज्यां द्रेज एवं अन्य प्रदर्शनकारियों के हाथों में तख्तियां थीं, जिसमें लिखा था स्कूल खेलो, तब खेलो।
मालूम हो कि शुक्रवार को रांची में भारत व न्यूजीलैंड के बीच क्रिकेट मैच हो रहा है, जिसमें भारी भीड़ जुटी है। ऐसा कोरोना संक्रमण के खतरों के बीच हो रहा है, जबकि पिछले पौने दो साल से कोरोना संक्रमण के नाम पर स्कूल बंद हैं।
प्रदर्शन करने वालों में ज्यां द्रेज के अलावा भूणेश्वर केवट, पल्लवी, विश्वनाथ सिंह व कई अन्य लोग शामिल थे। इनका विरोध प्राथमिक विद्यालयों के अभी भी बंद होने और उसके बावजूद क्रिकेट मैच शुरू करने के खिलाफ था।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लिखे गए पत्र में इन सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा है कि राज्य में प्राथमिक स्कूल अब भी कोविड का हवाला देकर बंद हैं, जबकि जेएससीए स्टेडियम में 40 हजार लोगों को प्रवेश की अनुमति दे दी गयी।
पत्र में कहा गया है कि डॉक्टरों व जन स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने देश भर में स्कूल खोलने की सलाह दी है। बच्चांें के कोविड से गंभीर रूप से बीमार होने की बहुत कम संभावना है। पत्र में कहा गया है कि स्कूलों को खोलने के लिए कोई ठोस कदम भी नहीं लिया जा रहा है, जैसे कि नामांकन, शिक्षकों का विशेष प्रशिक्षण, पाठ्यक्रम में बदलाव, स्कूलों की मरम्मत।
वहीं, स्कूल और आंगनबाड़ी के बंद रहने से बच्चों का भविष्य बिगड़ सकता है। कई तो भूल गए हैं कि उन्होंने क्या पढा था। कई ने पढाई छोड़ दी है और वे बाल मजदूर बन गए हैं। वहीं, क्रिकेट शुरू कर दिया गया है। प्रदर्शनकारियों ने कहा है कि हम क्रिकेट का विरोध नहीं कर रहे हैं, बल्कि यह अच्छी खबर है कि इस लायक स्थिति बन गयी है। सवाल पूछा गया है कि प्राथमिक स्कूल खोलने का निर्णय सबसे अंत में क्यों लिया जाएगा।


