पर्यावरण रसायन विज्ञान की प्रायोगिक पुस्तक शोधकर्ताओं के लिए अमूल्य संसाधन: कुलपति डॉ तपन कुमार

रांची: डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची में कुलपति डॉ तपन कुमार शांडिल्य के द्वारा रसायनशास्त्र के विभागाध्यक्ष डॉ राजीव रंजन द्वारा लिखित पुस्तक पर्यावरण रसायन विज्ञान की प्रायोगिक पुस्तक का विमोचन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीएसपीएमयू के कुलपति प्रोफेसर डॉ तपन कुमार शांडिल्य ने कहा कि पर्यावरण रसायन विज्ञान के प्रयोगों पर लिखी यह पुस्तक चरण-दर-चरण प्रायोगिक प्रक्रियाओं को पूर्ण करना सिखाती है जो व्यावहारिक प्रयोगों के सीखने को बढ़ावा देती है। यह प्रायोगिक पुस्तक न केवल पर्यावरण रसायन विज्ञान की गहरी समझ विकसित करता है, बल्कि महत्वपूर्ण रसायनिक प्रक्रियाओ के महत्व को भी रेखांकित करता है। पुस्तक की स्पष्ट और सरल व्याख्याएँ जटिल प्रयोगों को भी सुलभ बनाती हैं।
इस अवसर पर विशिष्ट और आमंत्रित अतिथि प्रो डॉ विजय कुमार सिंह, प्राचार्य, जवाहर लाल नेहरू महाविद्यालय, डेहरी ऑन सोन ने कहा कि विज्ञान के माध्यम से पर्यावरण की चुनौतियों और सुरक्षा के लिए समर्पित किसी भी व्यक्ति के लिए यह एक सच्ची संपत्ति है। पुस्तक में सरल विज्ञान और व्यावहारिक अनुप्रयोगों का एक शानदार मिश्रण है।
यह कुशलतापूर्वक पर्यावरणीय सिद्धांतों को व्यावहारिक दृष्टिकोणों के साथ जोड़ती है, जिससे जटिल पर्यावरणीय प्रक्रियाएँ समझने योग्य और आकर्षक बन जाती हैं। अभिनव और वास्तविक अनुप्रयोगों पर इसका जोर छात्रों और शोधार्थियों को पर्यावरणीय मुद्दों के समाधानों का पता लगाने, विश्लेषण करने और योगदान करने के लिए भी पटल प्रदान करता है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के लोकपाल डॉ अनिल कुमार, सेवानिवृत प्राध्यापक, इतिहास, छात्र कल्याण के संकायाध्यक्ष डॉ सर्वोत्तम कुमार, डॉ रेखा झा, वित्त पदाधिकारी डॉ आनंद कुमार मिश्रा, इतिहास के विभागाध्यक्ष डॉ राजेश कुमार सिंह, हिन्दी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ जिन्दर सिंह मुण्डा, मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ मीनाक्षी कुजूर, राजनीति विज्ञान विभाग की डॉ रीना नन्द उपस्थित थे। यह जानकारी पीआरओ डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी।


