पप्पू यादव को मिली धमकी, बिश्नोई भाई के बारे में उल्टा-पुल्टा बयान दिया तो रेस्ट इन पीस कर देंगे

रांची: बिहार के सांसद पप्पू यादव को धमकी मिली है. धमकी फेसबुक के माध्यम से दी गयी है. गैंगस्टर अमन साहू के गैंग के मयंक सिंह ने सोशल मीडिया पर बिहार के सांसद को धमकी दी है. दरअसल, 26 अक्टूबर को मयंक सिंह नाम के फेसबुक अकाउंट से सांसद पप्पू यादव को धमकी दी गयी है.
फेसबुक पर जारी पोस्ट में लिखा है कि जैसे कि कुछ समाचारों पत्रों के माध्यम से जानकारी प्राप्त हुआ है कि बीते दिनों बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद-पप्पू यादव (राजेश रंजन) के द्वारा लॉरेंस बिश्नोई भाई के बारे में उल्टा-पुल्टा ब्यान दिया गया था. मैं पप्पू यादव को स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि अपनी औक़ात में रहकर चुपचाप राजनीति करने में ध्यान दो, ज्यादा इधर उधर तीन पांच करके टीआरपी कमाने के चक्कर में मत पड़ो वर्ना रेस्ट इन पीस कर देंगे.
बता दें कि अमन साहू फ़िलहाल जेल में बंद है. अमन साहू के जेल में बंद होने के बावजूद उसके गिरोह की सक्रियता कम नहीं हुई है. अमन साहू जेल से ही अपना गिरोह चला रहा है. जानकारी के मुताबिक, मयंक इन दिनों मलेशिया में बैठकर एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा है.



