Palamu News: सोंदाग पंचायत में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 239 ग्रामीणों ने उठाया जांच और परामर्श का लाभ

L&T और बदलाव फाउंडेशन की पहल, 138 महिलाएं और 101 पुरुष हुए लाभान्वित
पलामू: रंका प्रखंड की सोंदाग पंचायत के हुर्दाग गांव स्थित अखाड़ा परिसर में ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निःशुल्क सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। Larsen & Toubro (L&T) एवं बदलाव फाउंडेशन के सहयोग से संचालित “नयी दिशा – Village Development Program” के तहत आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा गया।
शिविर का आयोजन रंका के MOIC डॉ. असजद अंसारी के अनुमति एवं मार्गदर्शन में किया गया। शिविर में कुल 239 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इनमें 138 महिलाएं और 101 पुरुष शामिल रहे।
शिविर में ग्रामीणों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तचाप, ब्लड शुगर, सर्दी-खांसी, बुखार एवं अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की गई। इसके अलावा चिकित्सकीय परामर्श और नेत्र जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। जरूरत के अनुसार ग्रामीणों को आवश्यक दवाएं भी दी गईं।
कार्यक्रम का उद्घाटन चिकित्सा टीम के चिकित्सकों ने किया। इस दौरान डॉ. अतुल मिश्रा और डॉ. सुष्मिता सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। मेहदी हसन एवं वारिस अंसारी ने चिकित्सा सहायक के रूप में, सोना कुमारी ने एएनएम, सलीम अंसारी ने STLS, मंजर आलम ने L.T., मुकेश ठाकुर ने MPW और सत्यप्रकाश कुमार ने नेत्र सहायक के रूप में सेवाएं दीं।
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया जागरूक
चिकित्सा टीम ने ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया। नेत्र सहायक ने ग्रामीणों की आंखों की जांच कर आवश्यक सलाह दी।
सोंदाग पंचायत में आयोजित यह शिविर ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा। एक ही स्थान पर सामान्य स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, दवा और नेत्र जांच की सुविधा मिलने से ग्रामीणों को काफी सुविधा हुई।
शिविर के सफल आयोजन में बदलाव फाउंडेशन की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रंका की चिकित्सा टीम एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से शिविर का संचालन किया गया।
“नयी दिशा – Village Development Program” के माध्यम से L&T एवं बदलाव फाउंडेशन ग्रामीण समुदायों तक स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी पहलों को पहुंचाने के लिए कार्य कर रहे हैं। सोंदाग पंचायत का यह स्वास्थ्य शिविर इसी प्रयास की एक कड़ी रहा।


