Palamu News: हिन्दी साहित्य भारती ने किया कुण्डलिया संग्रह और यात्रा वृत्तांत का भव्य लोकार्पण

पलामू: हिन्दी साहित्य भारती, पलामू जिला इकाई के तत्वावधान में अनुपम स्कूल ऑफ आर्ट्स एंड कम्युनिकेशन के प्रशाल में एक भव्य साहित्यिक समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में रमेश कुमार सिंह रचित कुण्डलिया संग्रह “रहे निहार रमेश” तथा अनुज कुमार पाठक रचित यात्रा वृत्तांत “किसलय” का संयुक्त रूप से लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर काष्ठकलाविद प्रेम भसीन, मुख्य अतिथि प्रो. कृष्ण कुमार मिश्र, साहित्यकार सुरेन्द्र कुमार मिश्र, कवि हरिवंश प्रभात, लोकतंत्र सेनानी रविशंकर पांडेय एवं कवि राकेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर पुस्तकों का विमोचन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेम भसीन ने की, जबकि मंच संचालन कवि राकेश कुमार ने किया।
भूटान में मिला था अंतरराष्ट्रीय सम्मान
हाल ही में भूटान की राजधानी थीम्फू में आयोजित कार्यक्रम में दोनों रचनाकारों को “भूटान-भारत अंतरराष्ट्रीय साहित्य शिरोमणि सम्मान” से नवाजा गया था। इस उपलब्धि के लिए हिन्दी साहित्य भारती द्वारा पलामू की मिट्टी का नाम रोशन करने पर दोनों साहित्यकारों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस दौरान दोनों लेखकों ने अपनी भूटान यात्रा के अपने संस्मरण भी श्रोताओं के साथ साझा किए।
वक्ताओं ने कहा — पलामू के लिए गौरव का क्षण
अध्यक्षीय वक्तव्य: काष्ठकलाविद प्रेम भसीन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थानीय लेखकों का सम्मानित होना और निरंतर उत्कृष्ट साहित्य का प्रकाशन पलामू के लिए अत्यंत गौरव की बात है। उन्होंने इस अवसर पर रमेश कुमार सिंह को अपनी हस्तनिर्मित काष्ठकला कृति भेंट की। मुख्य अतिथि: प्रो. कृष्ण कुमार मिश्र ने दोनों कृतियों की सराहना करते हुए इसे साहित्य जगत के लिए एक बहुमूल्य निधि बताया।
विशिष्ट अतिथि: सुरेन्द्र कुमार मिश्र ने कहा कि दोनों रचनाकारों ने हिंदी साहित्य का मान बढ़ाया है। जहाँ ‘रहे निहार रमेश’ एक सुंदर छंदबद्ध कुण्डलिया संग्रह है, वहीं ‘किसलय’ एक जीवंत यात्रा वृत्तांत। एक ही मंच से दो भिन्न विधाओं की पुस्तकों का लोकार्पण होना साहित्य प्रेमियों के लिए सुखद संयोग है।
अन्य विचार: कवि हरिवंश प्रभात ने लेखकों को बधाई दी। लोकतंत्र सेनानी रविशंकर पांडेय ने पलामू की साहित्यिक उर्वरता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो मेदिनीनगर अब ‘लेखनीनगर’ बनता जा रहा है। परशुराम तिवारी ने दोनों पुस्तकों की संक्षिप्त समीक्षा प्रस्तुत की। कवयित्री रीना प्रेम दुबे और अशोक कुमार मिश्र ‘अल्पज्ञ’ ने भी अपने विचार रखे।
समारोह का शुभारंभ डॉ. राम प्रवेश पंडित द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कवयित्री अनुपमा तिवारी ने किया। कार्यक्रम में कामाख्या नारायण सिंह, मनीष कुमार मिश्र, मानस मिश्रा, डॉ. संजय कुमार पाण्डेय, वंदना श्रीवास्तव, प्रमीला सिंह, शालिनी पाठक, कुमारी सिया, विजय कुमार ठाकुर, उदय भानु तिवारी, अरुण प्रकाश पाठक, शिक्षक रविशंकर पाण्डेय, प्रियरंजन पाठक ‘समर्पण’, नवीन कुमार सिंह, अनुराग कुमार, पार्थ प्रतिम गुप्ता, प्रेम प्रकाश दूबे, डॉ. अवधेश कुमार पाण्डेय, अमीन रहबर, एम जे अजहर, आचार्य धनंजय पाठक एवं हेमंत कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार और बुद्धिजीवी उपस्थित थे।


