Palamu News: एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने युवाओं से नशे से दूर रहने व यातायात नियम मानने की अपील की

पलामू: छतरपुर नगर पंचायत के सड़मा स्थित गुलाबचंद प्रसाद अग्रवाल (जीसीपीए) कॉलेज में शुक्रवार को नशा मुक्ति एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने युवाओं से नशे से दूर रहने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। विशिष्ट अतिथि नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ‘चुनमुन’ ने भी विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक होने को कहा। कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज के संस्थापक सचिव स्मृतिशेष सत्यदेव प्रसाद अग्रवाल की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों को शॉल और फलदार पौधे भेंटकर सम्मानित किया गया।
एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने कहा कि नशे से दूर रहने के लिए आत्मनियंत्रण जरूरी है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें। छोटी-छोटी सावधानियां सड़क दुर्घटनाओं से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई पर ध्यान देने और सुरक्षित जीवन अपनाने की अपील की।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना आवश्यक है। कॉलेज सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बिना हेलमेट वाहन नहीं चलाने और ट्रिपल राइडिंग से बचने की सलाह दी। नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ‘चुनमुन’ ने कहा कि युवाओं को शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहकर अपने भविष्य और परिवार की जिम्मेदारियों को समझना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. अखिलेश कुमार सिंह ने की। संचालन प्रो. राजमोहन और धन्यवाद ज्ञापन प्रो. राजकिशोर लाल ने किया। मौके पर इंस्पेक्टर द्वारिका राम, महिला थाना प्रभारी रूपा बाखला, कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद थे। कार्यक्रम के आयोजन में प्रहरी क्लब की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


