साइंस फॉर सोसायटी की बैठक में कई अहम फैसले, अगले महीने कोल्हान में साइंस फिल्म फेस्टिवल

इस वर्ष के अंत तक की कार्ययोजना तय की गयी

साइंस फार सोसायटी, झारखंड की राज्य कार्यकारिणी समिति की विस्तारित आनलाइन बैठक 10 जुलाई रविवार को संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता डॉ अली इमाम खां, अध्यक्ष, साइंस फार सोसायटी, झारखंड ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन डीएनएस आनंद, महासचिव, साइंस फार सोसायटी, झारखंड ने किया।

बैठक में मुख्य रूप से डॉ अली इमाम खां समेत प्रो बीएम कर्ण, रांची, डॉ एसके नारंग, जमशेदपुर, डीएनएस आनंद, जमशेदपुर, डॉ अमर कुमार सिंह, जमशेदपुर, डॉ रणजीत कुमार सिंह, अध्यक्ष साइंस फॉर सोसायटी, साहिबगंज जिला, राजेंद्र कुमार बोकारो, अरुण कुमार बोकारो, विजय कुमार डाल्टेनगंज, एसके राय, बोकारो, शिशिर कुमार घोष, दुमका, पुष्पलता कुमारी दुमका, विकास कुमार जमशेदपुर, अरुण राम लोहरदगा आदि ने भाग लिया।

महासचिव डीएनएस आनंद ने लोहरदगा में संपन्न पहला झारखंड साइंस फिल्म फेस्टिवल से लेकर अब तक की गतिविधियों की जानकारी दी एवं पूर्व निर्णय के आलोक में अगस्त में दूसरे साइंस फिल्म फेस्टिवल का प्रस्ताव रखा। बैठक में चर्चा के बाद तय हुआ कि साइंस फार सोसायटी, झारखंड का दूसरा साइंस फिल्म फेस्टिवल 17 से 20 अगस्त तक कोल्हान क्षेत्र में होगा। चार दिवसीय यह महत्वपूर्ण आयोजन जमशेदपुर समेत कोल्हान कमिश्नरी के विभिन्न भागों में होगा। 20 अगस्त को डॉ नरेन्द्र दाभोलकर की स्मृति में राष्ट्रीय वैज्ञानिक दृष्टिकोण दिवस का विशेष आयोजन किया जाएगा, जिसे डॉ नरेन्द्र दाभोलकर की संस्था महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के पदाधिकारी संबोधित करेंगे। बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि तीसरा झारखंड साइंस फिल्म फेस्टिवल सितंबर में उत्तरी छोटा नागपुर के बोकारो में, चौथा साइंस फिल्म फेस्टिवल अक्टूबर में संथाल परगना कमिश्नरी के दुमका एवं साहिबगंज में तथा पांचवां फेस्टिवल नवंबर में पलामू कमिश्नरी के डाल्टेनगंज में होगा। इस वर्ष के अंत में आजादी का 75 वां वर्ष. वैज्ञानिक दृष्टिकोण वर्ष कार्यक्रम का समापन राजधानी रांची में होगा।

बैठक में झारखंड में वैज्ञानिक जागरूकता के लिए साइंस फार सोसायटी द्वारा चलाए जा रहे जन संवाद एवं जन विज्ञान अभियान को बल देने के लिए छः कोर कमेटियों का गठन किया गया। ये हैं – 1. राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस, 2. चमत्कारों के पीछे का विज्ञान, 3. झारखंड साइंस फिल्म फेस्टिवल, 4. साइंस क्लब एक्टिविटी, 5. कम लागत बिना लागत के विज्ञान प्रयोग, 5. अंधविश्वास विरोधी अभियान, साइंटिफिक टेंपर ग्रुप एवं 6. झारखंड के विशिष्ट पहाड़ी क्षेत्रों का भूगर्भीय अध्ययन। सभी कोर ग्रुप को शीघ्र ही अंतिम रूप दिया जाएगा तथा ग्रुप के सदस्यों के नामों की घोषणा की जाएगी। ताकि इन क्षेत्रों की गतिविधियों को तेज कर उसे प्रभावशाली बनाया जा सके।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ अली इमाम खां ने आजादी के 75 वें वर्ष के महत्व को रेखांकित करते हुए झारखंड में विभिन्न समूहों के बीच जन विज्ञान अभियान को प्रभावशाली ढंग से आगे बढ़ाने पर बल दिया ताकि मौजूदा चुनौतियों का सामना करते हुए बेहतर समाज के निर्माण के लिए जन विज्ञान आंदोलन को उचित मुकाम तक पहुंचाया जा सके। धन्यवाद ज्ञापन राजेंद्र कुमार ने किया।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More