Koderma News: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने किया ‘जोश’ अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर वर्चुअल शुभारंभ

'जोश' अभियान के वर्चुअल शुभारंभ में शामिल अधिकारी।

कोडरमा: टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत भारत सरकार के केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने गुरुवार को नई दिल्ली से राष्ट्रीय स्तर पर ‘जोश (स्वास्थ्य के लिए संयुक्त दल)’ अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कोडरमा जिले के स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, एनसीसी कैडेट, माई भारत स्वयंसेवक, टीबी चैंपियन एवं स्वास्थ्यकर्मी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. रमण कुमार, सदर अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. फरहाना, जिला युवा पदाधिकारी प्रज्ञा सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक महेश कुमार, जिला शहरी कार्यक्रम प्रबंधक विनीत अग्निहोत्री सहित अन्य उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि टीबी के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।

जनभागीदारी, जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि जिले के प्रत्येक प्रखंड में युवाओं की ‘जोश’ टीम गठित की जाएगी। इसके तहत प्रथम श्रेणी के पदाधिकारी के नेतृत्व में पांच एनसीसी कैडेट और पांच माई भारत स्वयंसेवकों का दल बनाया जाएगा।

ये दल समुदाय में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने, संभावित मरीजों की पहचान, समय पर जांच और उपचार के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे। जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. रमण कुमार ने बताया कि ‘जोश’ टीम का उद्देश्य युवा शक्ति को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़ना है। इसके माध्यम से संभावित मरीजों की शीघ्र पहचान, जांच एवं उपचार तक पहुंच सुनिश्चित करने तथा समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, कॉर्पोरेट संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आम नागरिकों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान टीबी के लक्षण, जांच एवं उपचार की जानकारी दी गई। बताया गया कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी, बुखार, वजन कम होना, भूख में कमी और रात में पसीना आना टीबी के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में निःशुल्क जांच एवं उपचार कराया जा सकता है। डॉ. रमण कुमार ने जिलेवासियों से अपील की कि टीबी के लक्षण होने पर तत्काल जांच कराएं और उपचार को बीच में न छोड़ें। उन्होंने टीबी मरीजों के प्रति भेदभाव नहीं करने तथा अधिक से अधिक लोगों से निक्षय मित्र बनकर मरीजों को पोषण एवं सामाजिक सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों, एनसीसी कैडेट, स्वयंसेवकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने टीबी उन्मूलन के लिए सक्रिय सहयोग करने और समुदाय में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कॉन्स्टेबल धर्मपाल कुमार, अमित कुमार, चंदन गोस्वामी, उमाकांत पासवान, विवेक गोस्वामी, सुमन कुमार मोदी, सचिन राणा, धनंजय पांडेय, रानी कुमारी, अजीत कुमार यादव, विशाल कुमार सिंह, सन्नी राणा, सुप्रिया कुमार, संतोषी कुमारी, सिद्धांत ओहदार, इंदिरा कुमारी, अनु पांडेय, सालिक जफर, प्रकाश कुमार रवि, संजय वर्मा, सुनील कुमार, दीपेश कुमार, अजय कुमार, धीरेन्द्र चंद्रवंशी, सुनीता कुमारी, अनिल कुजूर, आशीष कुमार, प्रवीण रवानी, विकास कुमार, पॉल एक्का सहित अन्य उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More