Koderma News: नाबालिगों के साथ मारपीट और पॉक्सो एक्ट उल्लंघन में 150 लोगों पर एफआईआर

कोडरमा: थाना क्षेत्र के लोचनपुर में नाबालिग युवती और दो नाबालिग युवकों को पकड़कर उनके साथ कथित मारपीट करने तथा घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में कोडरमा थाना में 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराएं लगाई हैं। जानकारी के अनुसार, सोमवार को लोचनपुर में ग्रामीणों ने एक नाबालिग युवती के घर से दो नाबालिग युवकों को पकड़ा था।
आरोप है कि इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने तीनों नाबालिगों को बिजली के खंभे से रस्सी के सहारे बांध दिया और उनके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने की बात भी सामने आई थी। घटना के बाद नाबालिग युवती की मां की शिकायत पर दोनों नाबालिग युवकों के खिलाफ जबरन घर में घुसकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कराया गया था। वहीं, तीनों के नाबालिग होने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने उनके साथ कथित मारपीट, बंधक बनाने और वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले को भी गंभीरता से लिया।
मंगलवार को कोडरमा थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक रोहित सिंह के बयान पर 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। प्राथमिकी में पॉक्सो एक्ट, आईटी एक्ट समेत अन्य धाराएं लगाई गई हैं। थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि लोचनपुर में पकड़े गए युवक और युवती समेत तीनों नाबालिग हैं। ऐसे में उनकी पहचान सार्वजनिक करने वाले वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करना, उन्हें कथित रूप से बंधक बनाना और मारपीट करना गंभीर मामला है। पुलिस ने इसी आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


