Koderma News: झुमरी तिलैया के शिव वाटिका में श्री श्याम सेवा मंडल का 27वां अरदास कीर्तन संपन्न

कोडरमा: शहर के शिव वाटिका परिसर में श्री श्याम सेवा मंडल के तत्वावधान में 27वां मासिक अरदास कीर्तन भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य भाव “करने वाले श्याम, करवाने वाले श्याम” रहा। झुमरी तिलैया सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाकर सुख समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में बाबा श्याम का आकर्षक फूलों से श्रृंगार किया गया। दरबार में अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई।
पूजा-अर्चना और दर्शन के दौरान पूरा परिसर “जय श्री श्याम” के जयकारों से गूंजता रहा। 11 यजमान परिवारों ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं अनुष्ठान संपन्न कराया। इसके बाद महाआरती की गई और श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण हुआ। गायकों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। धरणीधर दधीचि ने “मेरी लाज रखना”, “काली कमली वाला मेरा यार है”, “खाटू बुला रहा है” तथा “लुट रहा, लुट रहा रे श्याम का खजाना लुट रहा रे” जैसे भजनों की प्रस्तुति दी।
पंकज केशरी ने “तेरे दर पे आ गया, आना तो काम था मेरा”, साक्षी भदानी ने “श्याम तुम्हारी नगरी मुझको भा गई” एवं “हारे-हारे के सहारे”, जबकि धीरज पांडेय ने “प्यारा सा मुखड़ा, घुंघराले केश” प्रस्तुत किया। मुन्ना भदानी ने “एक दीवाना प्यार में पागल हो गया”, विनोद चौरसिया ने “सारे देवों में देव निराला, माता अंजनी का लाला” और राजा चौरसिया ने “जब कोई नहीं आता, मेरे श्याम आते हैं” भजन सुनाकर वातावरण को श्याममय कर दिया।
भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते और जयकारे लगाते रहे। अनुष्ठान में विजय मोदी एवं रेणु देवी, सुशील कुमार, कमल कुमार शर्मा एवं संगीता शर्मा, गणेश प्रसाद एवं पूनम देवी, संतोष ठाकुर एवं ज्योति देवी, मनोज कुमार एवं लवली कसेरा, रणजीत कुमार श्रीवास्तव एवं नूतन देवी, रणधीर कपसिमे एवं बबीता देवी, आशीष वर्मा एवं मोनिका सोनी, विकास कप्सीमे एवं रीना कपसिमे, गणेश सुध एवं रश्मि सुध तथा राजेश कुमार एवं सावी देवी यजमान रहे। आयोजन को सफल बनाने में श्री श्याम सेवा मंडल के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। श्री श्याम सेवा मंडल की ओर से बताया गया कि 28वां मासिक अरदास कीर्तन 22 अक्टूबर 2026 को कोडरमा जंक्शन स्थित काली मंदिर में आयोजित होगा। इसका मुख्य भाव भी करने वाले श्याम, करवाने वाले श्याम रहेगा।
21-22 जनवरी 2027 को द्वितीय वार्षिक महोत्सव
श्री श्याम सेवा मंडल का द्वितीय वार्षिक महोत्सव 21 और 22 जनवरी 2027 को ब्लॉक मैदान, झुमरीतिलैया में आयोजित होगा। 21 जनवरी को सुबह 8 बजे अड्डी बंगला से भव्य निशान यात्रा निकलेगी और शाम 6 बजे से प्रसिद्ध भजन गायक संजय मित्तल संकीर्तन प्रस्तुत करेंगे। 22 जनवरी को दोपहर 3 बजे विशेष पूजा-अर्चना तथा शाम 5 बजे प्रसिद्ध गायिका शहनाज अख्तर का संकीर्तन होगा। मंडल ने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से दोनों आयोजनों में शामिल होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।


