Koderma News: खाद्य आयोग की प्रभारी अध्यक्ष शबनम परवीन ने स्कूल, आंगनबाड़ी व पीडीएस का किया निरीक्षण

कोडरमा: झारखंड राज्य खाद्य आयोग की प्रभारी अध्यक्ष सह सदस्य शबनम परवीन ने सोमवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खाद्य योजनाओं के क्रियान्वयन, बच्चों को मिलने वाले भोजन तथा लाभुकों को राशन वितरण की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मरकच्चो प्रखंड के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, हरिजन टोला, जामु तथा आंगनबाड़ी केंद्र जामु के निरीक्षण के दौरान बच्चों के लिए भोजन कुकिंग गैस पर बनता हुआ पाया गया। बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन के साथ अंडा भी दिए जाने की पुष्टि हुई।
पीडीएस दुकानों में स्टॉक की जानकारी सार्वजनिक रखने पर जोर
पीडीएस दुकानों के निरीक्षण के दौरान लाभुकों ने पूरा राशन मिलने की बात कही। हालांकि, कुछ दुकानों के सूचना पट्ट पर स्टॉक का विवरण अंकित नहीं पाया गया। इस पर आयोग की प्रभारी अध्यक्ष ने दुकानदारों को स्टॉक का विवरण नियमित रूप से सूचना पट्ट पर अंकित करने तथा आयोग का व्हाट्सएप नंबर भी प्रदर्शित करने का निर्देश दिया।उन्होंने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को लंबित शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने, निगरानी समितियों की नियमित बैठक सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभुकों को राशन कार्ड से जोड़ने का निर्देश दिया।
वहीं अयोग्य एवं मृत व्यक्तियों के नाम राशन कार्ड से हटाने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। आयोग की प्रभारी अध्यक्ष ने जिले की सभी पंचायतों में आकस्मिक खाद्यान्न कोष के तहत 10 हजार रुपये की राशि उपलब्ध रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि जरूरत पड़ने पर पात्र लोगों को तत्काल खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता सह जिला शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।


