Koderma News: पूर्वा एक्सप्रेस से उतरकर जमुआ जा रहे मजदूर को ठगों ने बनाया अपना शिकार

कोडरमा: जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में ठगी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार को अशोका होटल के पास ठगों ने दिल्ली से लौटे एक मजदूर को निशाना बनाकर उसके बैग में रखे 14 हजार रुपये नकद और नए कपड़े लेकर फरार हो गए। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से इलाके के लोगों में दहशत और आक्रोश है। जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के जमुआ निवासी रंजीत यादव शनिवार सुबह करीब 10 बजे पूर्वा एक्सप्रेस से कोडरमा स्टेशन पहुंचे थे।
गांव जाने के लिए बस की तलाश में वह पैदल महाराणा प्रताप चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अशोका होटल के पास एक बाइक सवार ने उनसे गांव का पता पूछा। जमुआ का नाम सुनकर उसने खुद को भी उसी इलाके का निवासी बताया और रंजीत को बाइक पर बैठा लिया। बाद में उसने अपने एक साथी को भी बुला लिया। दोनों आरोपी रंजीत को एक गली में ले गए।
वहां सामान की जांच करने के बहाने उसका बैग ले लिया और उसे अपना बैग थमाकर फरार हो गए। काफी देर तक आरोपियों के नहीं लौटने पर रंजीत को ठगी का एहसास हुआ। उसने डायल 100 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई। पीड़ित के अनुसार, बैग में 14 हजार रुपये नकद और परिजनों के लिए खरीदे गए नए कपड़े थे।
इसी जगह पहले भी हुई ठगी
गौरतलब है कि बीते मंगलवार को भी इसी इलाके में दो बाइक सवारों ने खुद को एसपी कार्यालय का कर्मी बताकर एक व्यक्ति से सोने की चेन और अंगूठी ठग ली थी। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने लोगों से अनजान व्यक्तियों के झांसे में नहीं आने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। वहीं, स्थानीय लोगों ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस गश्ती बढ़ाने और ठग गिरोह पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।


