Koderma News: जनता सड़को पर उतर रही है, तो भाजपा सरकार अंग्रेज शासन की तरह पेश आ रही-सुभाष

कोडरमा में इंडिया गठबंधन का आक्रोश मार्च।

कोडरमा: ‘इंडिया गठबंधन’, कोडरमा के बैनर तले देश के संघीय ढांचे, संविधान की मूल आत्मा, मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए विशाल आक्रोश मार्च एवं समाहरणालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव ने की, जबकि संचालन कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश रजक ने किया।

धरना-प्रदर्शन के पूर्व हनुमान मंदिर (पंजाब होटल) के समीप से इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा सैकड़ों की संख्या में “आक्रोश मार्च” (जुलूस) निकाला गया, जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए कोडरमा समाहरणालय पहुंचा। जुलूस के दौरान “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो”, “वोट चोर गद्दी छोड़”, “लोकतंत्र-संविधान का गला घोंटना बंद करो” जैसे गगनभेदी नारे लगाए गए। प्रदर्शन के माध्यम से केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ तीव्र आक्रोश व्यक्त किया गया। प्रदर्शन के उपरांत राष्ट्रपति के नाम अपर समाहर्ता को 4 सूत्री मांग पत्र सौंपा गया।

इस धरना-प्रदर्शन व आक्रोश मार्च में ‘इंडिया गठबंधन’ के तमाम प्रमुख घटक दलों के नेता और कार्यकर्ता भारी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय जनता दल (राजद), भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, भाकपा माले, सीपीएम, आप सहित अन्य गठबंधन सहयोगी दलों के नेता उपस्थित रहे।

धरना को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता राजद नेता सह पूर्व राजद प्रत्याशी सुभाष प्रसाद यादव ने कहा कि देश में जो हालात पैदा हुए हैं, उसकी जिम्मेदार भाजपा सरकार है। भाजपा सरकार ने देश में अघोषित आपातकाल लागू कर दिया है। देश में संविधान, लोकतंत्र और वोट देने का अधिकार बचाने के लिए जनता सड़कों पर उतर रही है, तो भाजपा सरकार अंग्रेज शासन की तरह पेश आ रही है। उन्होंने मोदी सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि भाजपा सरकार में कितनी जेल है और जेल में कितनी जगह, वह भी जनता देख चुकी है।

लोकतंत्र-संविधान बचाने के लिए देश के कोने-कोने में जनता सड़कों पर उतरेगी। उन्होंने कहा कि वक्त आ गया है कि हर शहर को अब जंतर-मंतर बनाना होगा। सभा को कांग्रेस प्रदेश महासचिव सह जिला संगठन प्रभारी विजय यादव, प्रदेश सचिव मनोज सहाय पिंक, लीलावती मेहता, सईद नसीम, भाकपा माले जिला सचिव मो. इब्राहिम, राजेंद्र मेहता, तुलसी राणा, सीपीएम नेता असीम सरकार, सीटू नेता प्रेम प्रकाश, राजद नेत्री अमरजीत कौर, दीपक यादव, विजय यादव, मो. मोजहिर, सरफराज नवाज, आम आदमी पार्टी के दामोदर यादव समेत इंडिया गठबंधन के नेताओं ने संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियों को लेकर चलाई जा रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पूरी तरह संदेहास्पद, मनमानीपूर्ण और त्रुटिपूर्ण है।

इसके माध्यम से सुनियोजित तरीके से गरीब, वंचित, शोषित और कमजोर वर्गों के मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं, जो निष्पक्ष लोकतंत्र पर करारा प्रहार है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पक्षपातपूर्ण और सत्ता के इशारे पर काम करने वाली बन चुकी है। संस्था की गरिमा और जनता के टूटते भरोसे को बचाने के लिए उन्हें तत्काल उनके पद से बर्खास्त किया जाना चाहिए। नेताओं ने देश में विपक्षी आवाजों को योजनाबद्ध तरीके से दबाए जाने, संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता समाप्त किए जाने और स्वतंत्र चुनावों की मूल भावना को कुचलने को अघोषित आपातकाल करार दिया।

इंडिया गठबंधन ने चेतावनी दी है कि यदि इन ज्वलंत व गंभीर मुद्दों पर शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो इस आंदोलन को और अधिक व्यापक और तीव्र किया जाएगा। कार्यक्रम में इंडिया गठबंधन के घटक दलों के सैकड़ों नेता-कार्यकर्ता मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More