Koderma News: झारखंड राज्य जूडो चैंपियनशिप में ग्रिज़ली पब्लिक स्कूल के छात्रों का शानदार प्रदर्शन

कोडरमा: सतपुलिया, गुमो स्थित ग्रिज़ली पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने सब-जूनियर एवं सीनियर झारखंड राज्य जूडो चैंपियनशिप 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। यह प्रतियोगिता 9 से 11 अक्टूबर 2026 तक सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, केटीपीएस, झुमरी तिलैया (कोडरमा) में आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी तकनीकी दक्षता, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय देते हुए पदक हासिल किए।

प्रतियोगिता में विद्यालय की प्रतिभाशाली खिलाड़ी निधि श्री यादव (कक्षा 8) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 52 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय जूडो चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया गया है। यह उपलब्धि विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व का विषय है और अन्य विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी प्रेरणास्रोत भी है।

वहीं, विद्यालय के प्रतिभाशाली खिलाड़ी आदित्य शिवम ने 45 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान बेहतरीन तकनीक, दृढ़ संकल्प और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

इन खिलाड़ियों की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास, अनुशासन तथा प्रशिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय में जूडो प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को शारीरिक दक्षता, आत्मविश्वास, आत्मरक्षा और खेल भावना विकसित करने के लिए हमेशा प्रोत्साहित किया जाता है।

विद्यालय के निदेशक द्वय मनीष कपिसमे एवं अविनाश सेठ, सीईओ प्रकाश गुप्ता, सीओओ तनिष्क सेठ, प्राचार्या निरजा, उपप्राचार्या वंदना नारायण, प्रशासक प्रतीक जैन, संयोजक सकिंदर कुमार, अनीता कुमारी, पूजा झा, सी.सी.ए. को-ऑर्डिनेटर दलजीत कौर, परीक्षा संयोजक श्वेता अग्रवाल, खेल संयोजक एवं जूडो प्रशिक्षक अविनाश कुमार तथा समस्त विद्यालय परिवार ने निधि श्री यादव एवं आदित्य शिवम को उनकी इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

विद्यालय परिवार ने निधि श्री यादव के राष्ट्रीय जूडो चैंपियनशिप के लिए चयन पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की तथा पूर्ण विश्वास जताया कि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ग्रिज़ली पब्लिक स्कूल, कोडरमा एवं पूरे झारखंड राज्य का नाम रोशन करेंगी। दोनों खिलाड़ियों की यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More