Koderma News: खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के मानकों की दी गई जानकारी

सिविल सर्जन कार्यालय सभागार में कारोबारियों को दिशा-निर्देश देते अभिहित अधिकारी व खाद्य सुरक्षा अधिकारी।

कोडरमा: कोडरमा जिले में खाद्य सामग्री के निर्माताओं एवं खाद्य कारोबारियों के लिए एफएसएसएआई द्वारा निर्धारित अनिवार्य खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण एवं प्रमाणन कार्यक्रम का आयोजन सदर अस्पताल, कोडरमा स्थित सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में किया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी एवं खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, कोडरमा उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, खाद्य प्रबंधन तथा खाद्य पदार्थों को सुरक्षित एवं स्वच्छ तरीके से तैयार करने, रखने और परोसने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के विभिन्न प्रावधानों एवं उनके अनुपालन के बारे में विस्तार से बताया गया। प्रशिक्षण में खाद्य पदार्थों के निर्माण, पैकेजिंग एवं लेबलिंग से संबंधित नियमों की जानकारी देते हुए फूड लाइसेंस, वाटर टेस्ट रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट, वार्षिक कारोबार घोषणा, खाद्य सुरक्षा ऑडिट, नियमित खाद्य जांच, पैकेजिंग सामग्री की जांच तथा वार्षिक स्वास्थ्य जांच सहित खाद्य सुरक्षा से जुड़े आवश्यक प्रावधानों के बारे में बताया गया।

खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया गया कि विक्रेताओं से पैकेज्ड अथवा कच्ची खाद्य सामग्री खरीदते समय लाइसेंस नंबर, निर्माण तिथि, एक्सपायरी तिथि तथा निर्माता का पूरा पता अनिवार्य रूप से जांच लें। साथ ही खाद्य सामग्री की खरीद-बिक्री के दौरान पक्का बिल प्राप्त करना एवं सुरक्षित रखना सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रशिक्षण में खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं हाइजीन बनाए रखने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया।

प्रतिभागियों को बताया गया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखना अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण के आयोजन से खाद्य कारोबारियों में जागरूकता बढ़ी। प्रतिभागियों ने खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More