Koderma News: धनबाद से मुजफ्फरपुर जा रहा कोयला लदा ट्रक खस्ताहाल सड़क के चलते हादसे का शिकार

कोडरमा: घाटी में जर्जर सड़क के कारण कोयला लोड एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जानकारी के मुताबिक, यह ट्रक धनबाद से कोयला लेकर मुजफ्फरपुर जा रहा था, तभी घाटी की बदहाल और खस्ताहाल सड़क के बीच अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया।
इस घटना के बाद एक बार फिर कोडरमा घाटी की सड़क की जर्जर स्थिति और उसकी मरम्मत को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। उल्लेखनीय है कि कोडरमा घाटी का यह मार्ग झारखंड और बिहार के बीच आवागमन के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े यात्री वाहन और मालवाहक ट्रक गुजरते हैं।
सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे और जर्जर हिस्से वाहन चालकों के लिए लगातार परेशानी का सबब बने हुए हैं। स्थानीय लोगों और चालकों का कहना है कि विशेषकर भारी वाहनों के आवागमन के दौरान यहां दुर्घटनाओं का खतरा काफी बढ़ जाता है। लोगों ने प्रशासन से इस महत्वपूर्ण मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।


