Koderma News: लोक अदालत में होती है दोनों पक्षों की जीत, फैसले के खिलाफ नहीं होती अपील : प्रधान जिला जज

16 वादों का निष्पादन, 15.58 लाख रुपये राजस्व की वसूली
कोडरमा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश के आलोक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कोडरमा के तत्वावधान में शनिवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में मासिक लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार रमाकांत मिश्रा के मार्गदर्शन में किया गया।
इस मौके पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रमाकांत मिश्रा ने कहा कि लोक अदालत में दिए गए फैसले में दोनों पक्षों की जीत होती है। लोक अदालत का निर्णय दोनों पक्षों को संतुष्ट करता है और किसी पक्ष को यह महसूस नहीं होता कि उस पर फैसला थोपा गया है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में दिए गए निर्णय के विरुद्ध कहीं भी अपील नहीं होती और इसका फैसला अंतिम होता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान परिवेश में लोक अदालत किसी परिचय की मोहताज नहीं है। यही वजह है कि इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। लोक अदालत शीघ्र, सस्ता और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम है। लोक अदालत में बढ़ती भीड़ इस बात का परिचायक है कि यह आम लोगों के बीच कितना लोकप्रिय हो रहा है।
प्रधान जिला जज ने कहा कि लोक अदालत से लोगों के समय और पैसे की बचत होती है। साथ ही न्यायालयों पर लंबित मुकदमों का बोझ भी कम होता है।
मासिक लोक अदालत के लिए कुल नौ बेंचों का गठन किया गया था। बेंच संख्या एक में प्रथम जिला जज सचिन्द्र नाथ सिन्हा व अधिवक्ता लखन प्रसाद सिंह, बेंच संख्या दो में जिला जज तृतीय राकेश चंद्रा व अधिवक्ता सुधीर कुमार सिन्हा, बेंच संख्या तीन में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अमित कुमार वैश व अधिवक्ता सुरेश कुमार, बेंच संख्या चार में अवर न्यायाधीश तृतीय सत्यभामा कुमारी व अधिवक्ता कीर्ति कुमारी ने मामलों की सुनवाई की।
वहीं बेंच संख्या पांच में अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी संध्या प्रसाद व अधिवक्ता संगीता रानी, बेंच संख्या छह में न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी ज्योत्सना पाण्डेय व अधिवक्ता अंशु यामिनी, बेंच संख्या सात में नमिता मिंज व अधिवक्ता शांति कुमारी, बेंच संख्या आठ में मुंसिफ मिथिलेश कुमार व अधिवक्ता जय गोपाल शर्मा तथा बेंच संख्या नौ में स्थायी लोक अदालत की प्रभात सिंह, सदस्य ममता सिंह और कुमारी अनुपमा ने मामलों की सुनवाई की।
16 मामलों का हुआ निष्पादन
मासिक लोक अदालत में गठित नौ बेंचों के माध्यम से कुल 16 वादों का निष्पादन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से कुल 15,58,800 रुपये (पंद्रह लाख अट्ठावन हजार आठ सौ रुपये) की राजस्व वसूली की गई।
मौके पर प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार सत्यभामा कुमारी, विद्युत विभाग, वन विभाग, उत्पाद विभाग के अधिकारी सहित न्यायालयकर्मी रणजीत कुमार सिंह, संजय कुमार, सरिता हेम्ब्रम, अमरेन्द्र कुमार सिन्हा, सूर्यकांत संदीप, राजकुमार चौधरी, प्रकाश चंद्रा, अनिल कुमार सिंह, आशीष कुमार सिन्हा, मनोज मिश्रा, कुमार संजय, महेश्वर कुमार, राजीव कुमार, सुनील कुमार, रवि कुमार, मो. नसीम सहित अन्य लोग मौजूद थे।


