Koderma News: डीएफओ सौमित्र शुक्ला के निर्देश पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, चालक मौका देखकर फरार

कोडरमा: गोरियाडीह में कथित अवैध ग्रीन पत्थर खनन का वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग हरकत में आया और अवैध कारोबार पर कार्रवाई की। विभाग की टीम ने ढाब क्षेत्र से ग्रीन पत्थर लोड कर डोमचांच की ओर जा रहे एक पिकअप वैन को जब्त किया है। कार्रवाई की भनक लगते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, कोडरमा डीएफओ सौमित्र शुक्ला को सूचना मिली थी कि ढाब थाना क्षेत्र से अवैध रूप से ग्रीन पत्थर लोड कर एक पिकअप वैन डोमचांच की ओर जा रही है।
सूचना मिलते ही डीएफओ के निर्देश पर वन विभाग की टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया गया। टीम ने डोमचांच थाना क्षेत्र में संदिग्ध पिकअप वैन को देखा और उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन चालक वाहन को कुछ दूर आगे ले जाकर सड़क किनारे खड़ा कर फरार हो गया। इसके बाद वन कर्मियों ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें ग्रीन पत्थर लदा मिला। विभाग ने वाहन को जब्त कर कोडरमा लाकर सुरक्षित रखा है।
सवाल— कहां से निकला पत्थर, किसके इशारे पर हो रहा था परिवहन?
वन विभाग की कार्रवाई के बाद अब अवैध खनन और परिवहन के पूरे नेटवर्क पर सवाल खड़े हो गए हैं। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि जब्त पत्थर कहां से निकाला गया था, इसे किसके इशारे पर ले जाया जा रहा था और इस कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं। फरार चालक की पहचान और तलाश भी की जा रही है।
गोरियाडीह में कथित अवैध खनन का वीडियो वायरल होने के बाद हुई इस कार्रवाई ने इलाके में पत्थर के अवैध कारोबार को लेकर चल रही चर्चाओं को फिर तेज कर दिया है। अब निगाह इस बात पर है कि जांच आगे बढ़ने पर इस मामले में किन लोगों के नाम सामने आते हैं और अवैध खनन के इस खेल का नेटवर्क कहां तक फैला है।


