Koderma News: प्रांतीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता में ग्रिजली विद्यालय की छात्राओं ने जीता तृतीय स्थान

विद्यालय परिसर में प्रतिभागी टीम को सम्मानित करते अधिकारी।

कोडरमा: ग्रिजली विद्यालय की छात्राओं ने भारत विकास परिषद, उत्तर झारखंड प्रांत द्वारा आयोजित प्रांतीय स्तरीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता (एनजीएससी-2026) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। प्रतियोगिता का आयोजन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, मालवीय मार्ग, हजारीबाग में किया गया, जिसमें धनबाद, चास, बोकारो, हजारीबाग सहित झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों के विद्यालयों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच ग्रिजली विद्यालय की छात्राओं ने अपनी मधुर आवाज, सुरों की सटीकता और सामूहिक समन्वय से निर्णायकों को प्रभावित किया।

विद्यालय की छात्राओं कुसुम कुमारी, प्रियंका कुमारी, सलोनी अग्रवाल, आराध्या कुमारी, सुहाना कुमारी, जाह्नवी राज, शाइस्ता जहां एवं नंदिता कुमारी ने समूह गान की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। छात्राओं को संगीत प्रशिक्षक अनुप कुमार मोदी एवं मिलन गोस्वामी ने नियमित अभ्यास और मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रस्तुति में तबला वादन के माध्यम से विकास थापा ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रतियोगिता की समग्र प्रभारी कुमारी एकता रहीं। छात्राओं की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और टीम भावना इस सफलता का प्रमुख आधार बनी।

इस उपलब्धि पर विद्यालय के सीईओ प्रकाश गुप्ता एवं प्राचार्या अंजना कुमारी ने प्रतिभागी छात्राओं एवं संगीत प्रशिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्राओं की प्रतिभा, निरंतर अभ्यास और सामूहिक प्रयास का परिणाम है। समूह गान केवल संगीत की प्रस्तुति नहीं, बल्कि एकता, अनुशासन, समन्वय और सहयोग की भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है। ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी अपनी प्रतिभा निखारने और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती हैं।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में भी उन्हें निरंतर अवसर प्रदान किए जाते रहेंगे। इस उपलब्धि से पूरे ग्रिजली विद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व का माहौल है। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी छात्राओं एवं मार्गदर्शक टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More