Koderma News: ग्रिजली विद्यालय में 12वीं के छात्रों के लिए करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित

कोडरमा: तिलैया डैम स्थित ग्रिजली विद्यालय के विद्यार्थी सेवा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में कक्षा 12वीं के विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों के लिए ‘अपनी यूजी यात्रा को जानें—पाठ्यक्रम, छात्रवृत्ति एवं प्रवेश’ विषय पर विशेष करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अरका जैन विश्वविद्यालय, जमशेदपुर के करियर काउंसलर सुजीत कुमार एवं एडमिशन मैनेजर सुमित कुमार ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
सत्र का उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक करियर विकल्पों के साथ-साथ विभिन्न नए एवं उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध उच्च शिक्षा एवं करियर की संभावनाओं से परिचित कराना था। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को करियर का चुनाव अपनी रुचि, अभिरुचि, योग्यता, क्षमता, व्यक्तित्व एवं भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखकर करने की सलाह दी।
विशेषज्ञों ने कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में बीसीए, बीएससी आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग, साइबर सिक्योरिटी, डेटा साइंस, क्लाउड कंप्यूटिंग एवं इंटरनेट ऑफ थिंग्स जैसे उभरते क्षेत्रों की जानकारी दी। इंजीनियरिंग के अंतर्गत कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन, मैकेनिकल, सिविल, इलेक्ट्रिकल सहित मेकाट्रॉनिक्स, एयरोनॉटिकल, बायोमेडिकल एवं कृषि अभियांत्रिकी जैसे विकल्पों पर भी चर्चा की गई।
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में फार्मेसी, फिजियोथेरेपी, ऑप्टोमेट्री, मेडिकल लैबोरेटरी टेक्नोलॉजी, नर्सिंग एवं न्यूट्रिशन जैसे पाठ्यक्रमों की जानकारी दी गई। वहीं व्यवसाय प्रबंधन एवं वाणिज्य के क्षेत्र में बीबीए, बीकॉम, बिजनेस एनालिटिक्स, डिजिटल मार्केटिंग, बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं से जुड़े विकल्पों पर प्रकाश डाला गया। इसके अतिरिक्त कानून, होटल प्रबंधन, पर्यटन, वास्तुकला, ललित कला, पत्रकारिता, मीडिया, फिल्म निर्माण, फोटोग्राफी, एनीमेशन एवं डिजाइन जैसे क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमताओं को पहचानकर सही शैक्षणिक मार्ग चुनने के लिए प्रेरित किया। सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न करियर एवं उच्च शिक्षा संबंधी प्रश्न पूछे। रिया, तान्या, क्रांति, नैन्सी, सतीश, आदर्श, सागर, हिमांशु एवं प्रांजल आनंद सहित अनेक विद्यार्थियों ने प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सहायक व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षक सुमित के. सिन्हा के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने अतिथियों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यार्थी सेवा प्रकोष्ठ के प्रभारी सुधांशु कुमार द्वारा अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सुमित के. सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का आयोजन स्टूडेंट्स सर्विस सेल के समन्वयक सुधांशु कुमार के मार्गदर्शन में प्रभावी ढंग से किया गया। सत्र विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी रहा तथा उन्हें विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों, उभरते करियर क्षेत्रों एवं उच्च शिक्षा के विकल्पों के संबंध में स्पष्ट एवं महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।


