Koderma News: ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन ने चन्द्रोडीह में मनाई गांधी-शास्त्री जयंती

कोडरमा: ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लालबहादुर शास्त्री जी की जयंती चन्द्रोडीह , कोडरमा में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ मोहित कुमार तिवारी एवं सभी सहायक प्राध्यापकों और सभी प्रशिक्षुओं ने महात्मा गांधी एवं शास्त्री जी की छाया चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
तत्पश्चात प्रशिक्षु ज्योति यादव ने लालबहादुर शास्त्री एवं महात्मा गांधी के शैक्षिक एवं सामाजिक दर्शन पर विचार प्रस्तुत किया। उक्त अवसर पर स्वच्छता जागरूकता हेतु राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी सौरभ शर्मा ने सभी सदस्यों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों एवं महाविद्यालय के सदस्यों हेतु विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को महाविद्यालय के अध्यक्ष मनीष कपसिमे, प्राचार्य एवं सहायक प्राध्यापकों द्वारा उपहार भेंट कर उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में सभी स्वयंसेवकों एवं सभी सदस्यों ने सामूहिक भोज का लुत्फ उठाए।कार्यक्रम में स्वयंसेवक विश्वजीत राज, पवन कुमार, लवजीत विश्वकर्मा, पवन पंडित, अंकित चंद्रा एवं बबीता कुमारी ने सात दिवसीय विशेष शिविर का अपना अनुभव साझा किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ मोहित कुमार तिवारी ने अपने संबोधन में प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री भारतीय इतिहास के ऐसे महापुरुष हैं, जिन्होंने अपने जीवन, विचारों और कार्यों से सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के उच्च आदर्श स्थापित किए।
गांधी जी का सत्य और अहिंसा का दर्शन तथा शास्त्री जी का सादगी, ईमानदारी और कर्तव्य के प्रति समर्पण आज भी प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। डॉ मोहित कुमार तिवारी ने कहा कि एक शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि वह समाज और राष्ट्र के भावी नागरिकों के चरित्र एवं दृष्टिकोण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी एन एस एस स्वयंसेवक, सभी सहायक प्राध्यापक एवं सभी शिक्षकेत्तर कर्मचारी आदि उक्त अवसर पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक संजीत कुमार और धन्यवाद ज्ञापन डी एल एड विभागाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह ने किया।


