Koderma News: डोमचांच के नीरूपहाड़ी में चोरों का तांडव, एक रात में 3 दुकानों में चोरी

नीरूपहाड़ी में दुकान का ताला तोड़कर चोरी किए जाने का दृश्य।

कोडरमा: डोमचांच थाना क्षेत्र के नीरूपहाड़ी में 2 अक्टूबर की रात चोरों ने एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी। चोरों ने एक होटल और दो गुमटियों के ताले तोड़कर नकदी समेत हजारों रुपये के सामान की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, होटल संचालक भीम कुमार साव और उनके पुत्र राहुल कुमार शनिवार सुबह जब होटल खोलने पहुंचे, तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जांच करने पर एक टिन रिफाइंड तेल और कुछ नकदी गायब पाई गई। इसके बाद आसपास की अन्य दुकानों में भी चोरी होने की जानकारी सामने आई।

गुमटी संचालक बलदेव साव और राजकुमार गुप्ता ने बताया कि चोरों ने उनकी दुकानों के ताले तोड़कर नकदी चोरी कर ली। एक ही रात तीन दुकानों में चोरी की घटना से स्थानीय दुकानदारों की चिंता बढ़ गई है। लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
दुकानदारों के अनुसार, घटना को लेकर डोमचांच थाना में लिखित शिकायत दी गई है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर जल्द चोरी का खुलासा करने तथा संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More