Koderma News: डोमचांच नगर पंचायत में जनसमस्याओं को लेकर नगर प्रशासक के खिलाफ मोर्चाबंदी की चेतावनी

डोमचांच नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश वर्मा व उपाध्यक्ष आदर्श कुमार पंकज।

कोडरमा: डोमचांच नगर पंचायत डोमचांच में जनसमस्याओं के समाधान को लेकर नगर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों ने नगर प्रशासक के खिलाफ मोर्चा खोलने की चेतावनी दी है। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि नगर क्षेत्र में नाली, सड़क, पाइप बिछाने सहित कई छोटी-बड़ी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। इन समस्याओं की जानकारी नगर प्रशासन को बार-बार दिए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। सबसे गंभीर स्थिति नीमडीह रोड की बताई जा रही है।

जनप्रतिनिधियों के अनुसार, सड़क के दोनों ओर घरों के समीप लंबे समय से नाली का गंदा पानी जमा है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ दुर्गंध और बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश वर्मा ने कहा कि नीमडीह रोड की नाली समस्या को लेकर नगर प्रशासक को कई बार जानकारी दी गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान की दिशा में पहल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में ऐसी कई समस्याएं हैं, जिनका तत्काल समाधान संभव है, लेकिन उन पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि नगर प्रशासन का ध्यान जनता की समस्याओं के समाधान की बजाय टेंडर और टेंडर प्रक्रिया पर अधिक केंद्रित है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर पाइप बिछाने के बाद सड़क किनारे की स्थिति को दुरुस्त नहीं किया गया है। जनप्रतिनिधियों द्वारा बार-बार मामला उठाए जाने के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन मिल रहा है और धरातल पर अपेक्षित काम नहीं हो रहा।

उमेश वर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर नीमडीह रोड की नाली समस्या के समाधान की पहल नहीं हुई, तो सभी जनप्रतिनिधि एकजुट होकर नगर प्रशासक के खिलाफ आंदोलन करेंगे। नगर उपाध्यक्ष आदर्श कुमार पंकज ने कहा कि जनता ने जनप्रतिनिधियों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए चुना है। ऐसे में नगर प्रशासन द्वारा जनसमस्याओं की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नगर प्रशासक की कार्यप्रणाली के खिलाफ जरूरत पड़ी तो जोरदार आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि लगातार जनता के बीच जाकर समस्याएं सुनते हैं, इसलिए उनकी ओर से उठाए जा रहे मामलों को नगर प्रशासन को गंभीरता से लेना चाहिए। जनप्रतिनिधियों के एकजुट होकर नगर प्रशासक के खिलाफ आंदोलन की घोषणा के बाद नगर पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर विवाद और गहराने के संकेत मिल रहे हैं।

अब देखना होगा कि एक सप्ताह के भीतर नीमडीह रोड की नाली समस्या के समाधान को लेकर नगर प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाया जाता है। मौके पर नगर अध्यक्ष उमेश वर्मा, उपाध्यक्ष आदर्श कुमार पंकज, वार्ड पार्षद मुकेश कुमार, रंजीत साव, अनंत कुमार सहित सभी वार्ड पार्षद मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More