Koderma News: तिलैया डैम स्थित ग्रिजली विद्यालय में मनाई गई गांधी एवं शास्त्री जयंती

कोडरमा: तिलैया डैम स्थित ग्रिजली विद्यालय के सभागार में गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती समारोह गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम का आयोजन वेलनेस क्लब एवं इको क्लब के विद्यार्थियों द्वारा क्लब प्रभारियों आर. डी. पांडेय एवं रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात आर्यन राज ने हिंदी में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, आदर्शों तथा राष्ट्र के प्रति योगदान पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया।
इसके बाद विद्यार्थियों ने एक संदेशपरक नाटक प्रस्तुत किया। नाटक में रुद्र ठाकुर ने गांधी जी की भूमिका निभाई, जबकि पवन कुमार तिवारी एवं साक्षी यादव ने कथावाचक की भूमिका निभाई। ब्रिटिश शासकों की भूमिका समर यादव एवं हृदय जैन ने निभाई। गांधी जी के मित्रों की भूमिका सुदर्शन, रोशन एवं वैभव ने निभाई, जबकि नाथूराम गोडसे की भूमिका हरि चंदन ने प्रस्तुत की। नवीन, रोशन कुमार, विवेक कुमार, नवीन यादव, समर यादव, इसराफिल अंसारी, हृदय, सुदर्शन कुमार एवं विवेक सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी नाटक में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। नाटक के माध्यम से सत्य, अहिंसा, देशभक्ति एवं राष्ट्रसेवा के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इसके पश्चात निशित वासव ने अंग्रेजी में गांधी जी एवं शास्त्री जी के जीवन और आदर्शों पर भाषण दिया। कार्यक्रम के अगले चरण में अंशुमान सिंह एवं अर्नव जैसवाल ने प्रस्तुति के माध्यम से दोनों महान विभूतियों के जीवन, संघर्ष, विचारों एवं राष्ट्र के प्रति योगदान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर सीईओ प्रकाश गुप्ता एवं प्राचार्या अंजना कुमारी ने संयुक्त रूप से कहा कि महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांत तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा आज भी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इन महान विभूतियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर ग्रिजली विद्यालय के नन्हे विद्यार्थियों के लिए भी विभिन्न रचनात्मक एवं संदेशपरक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों का संचालन एक्टिविटी इंचार्ज श्वेता प्रकाश एवं सदफ नाज के मार्गदर्शन तथा कोऑर्डिनेटर बनानी नियोगी के समन्वय में किया गया।
विद्यार्थियों ने अहिंसा, स्वच्छता एवं दांडी मार्च जैसे विषयों पर आधारित गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। दांडी मार्च गतिविधि में अहाद ने गांधी जी की भूमिका निभाई। रेयांश, अरिश, अरुश, राजवंश, जिया, आयरा एवं सुक्रीत ने भी इसमें सहभागिता की। एलकेजी के विद्यार्थियों ने ‘गांधी जी का चश्मा’ गतिविधि के माध्यम से गांधी जी के व्यक्तित्व एवं स्वच्छता के संदेश को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। नन्हे बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक एवं जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में अर्पणजली भारती, ईको क्लब की संयुक्त सचिव, ने अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता, रचनात्मकता एवं देशभक्ति की भावना से परिपूर्ण रहा। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन-मूल्यों से परिचित कराने के साथ-साथ सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा जैसे मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।


