Koderma News: ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन ने गोद लिए गांव इंदरवाटांड में बच्चों संग मनाई दीपावली

कोडरमा: कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मोहित कुमार तिवारी ने स्वागत भाषण देकर किया। उन्होंने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं ग्रामीणों का अभिवादन किया। इसके बाद गांव के ग्रामीणों के बीच वस्त्रों का वितरण किया गया। तत्पश्चात महाविद्यालय की प्रशिक्षु विनीता कुमारी एवं प्रियंका कुमारी ने गांव के बच्चों के लिए प्रश्नोत्तरी सत्र का आयोजन किया। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। इसके बाद महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. संजीत कुमार एवं अनिल दास ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को उपहार भेंट किए गए।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सचिव अविनाश कुमार सेठ, मुख्य परिचालन पदाधिकारी तनिष्क सेठ, प्राचार्य एवं अन्य सदस्यों सहित माहेश्वरी महिला समूह की सदस्य कविता माहेश्वरी ने बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री, मिठाई, पूरी-सब्जी, दीये एवं पटाखों का वितरण किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सचिव अविनाश कुमार सेठ ने अपने संबोधन में कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और उत्सव मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रेम, सेवा, सहयोग एवं मानवीय संवेदनाओं को आत्मसात करने का संदेश भी देता है। त्योहारों की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब हमारी खुशियों में समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर जरूरतमंद एवं वंचित बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित हो। हमारा प्रयास है कि महाविद्यालय शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करे।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के बीएड सत्र 2025-27 एवं 2026-28 के प्रशिक्षु लवजीत कुमार विश्वकर्मा, सुवेता कुमारी, प्रशांत कुमार, अनुपमा कुमारी, कंचन कुमारी, सपना कुमारी, आरजू परवीन, निशा कुमारी, पवन कुमार सहित अन्य प्रशिक्षु उपस्थित रहे। इसके अलावा महाविद्यालय के डीएलएड विभागाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह, शैक्षणिक समन्वयक सौरभ शर्मा, आईक्यूएसी समन्वयक मनीष कुमार सिन्हा, सहायक प्राध्यापक डॉ. रामकृष्ण प्रसाद, डॉ. इंद्र कुमार जायसवाल, सीताराम यादव, चुन्नु कुमार, बिनीता कुमारी सहित सभी शिक्षकेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन प्रशिक्षु समीना परवीन एवं अंजली कुमारी ने संयुक्त रूप से किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम समन्वयक डॉ. खुशबू कुमारी सिन्हा ने किया।


