Bokaro News: ‘हम आपको सुनते हैं’ कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा ने सुनीं 49 जन-समस्याएं

Bokaro News
बुजुर्ग की फरियाद सुनते उपायुक्त।

बोकारो: मंगलवार को आयोजित हम आपको सुनते हैं लोक संवाद कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा ने आमजनों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना। कार्यक्रम में कुल 49 मामलों पर क्रमवार सुनवाई हुई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को प्रत्येक मामले का नियमसम्मत, पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसी क्रम में चास प्रखंड के कुम्हारी गांव निवासी बुजुर्ग चंद चरण दत्ता अपनी समस्या लेकर उपायुक्त के समक्ष पहुंचे। उन्होंने बताया कि बायोमेट्रिक दर्ज नहीं होने के कारण उन्हें राशन का खाद्यान्न प्राप्त करने में परेशानी हो रही है। उनकी समस्या सुनते ही उपायुक्त ने जिला आपूर्ति कार्यालय को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त के निर्देश पर चंद चरण दत्ता का नाम पीडीएस डीलर के अनाबद पंजी में दर्ज करते हुए उन्हें नियमानुसार खाद्यान्न उपलब्ध कराने की कार्रवाई की गई। निर्देश के महज चंद घंटे के भीतर बुजुर्ग को मौके पर ही खाद्यान्न उपलब्ध करा दिया गया। खाद्यान्न मिलने पर बुजुर्ग ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

उपायुक्त ने कहा कि लोक संवाद कार्यक्रम केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक संवेदनशीलता के साथ प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को अपने अधिकार के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, यह जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनें, पात्र लाभुकों को उनका हक दिलाएं तथा मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन की संवेदनशीलता का वास्तविक अर्थ तभी है, जब जरूरतमंद व्यक्ति की समस्या का समाधान समय पर हो और उसे उसके अधिकार का लाभ मिले।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, डीईओ प्रवीण रंजन, डीएसई अतुल कुमार चौबे, प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत हेमलता बून, डीपीओ राज शर्मा, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, डीडीएमओ शक्ति कुमार समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More