Koderma News: भारतीय रेलवे का बड़ा फैसला, 2 दर्जन ट्रेनें कोहरे के कारण 1 दिसंबर से 28 फरवरी तक रद्द

कोडरमा: गुलाबी ठंड का एहसास अक्टूबर माह के पहले पाक्षिक से आम आवाम को होने लगी है. दफ्तर एवं घरों में पंखे की रफ्तार धीमी हो गयी है. ऐसे में पूरे देश भर में 2 दर्जन से अधिक ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है. कई ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित रहेगा. कोहरे के कारण संरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित कराने के लिये एक दिसम्बर से 28 फरवरी 2025 तक लगभग 2 दर्जन ट्रेनों को रद्द किया गया है, साथ ही कुछ ट्रेनों के परिचालन में कमी की गई है. पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र के अनुसार कोडरमा के रास्ते होकर चलने वाली गाड़ी संख्या 18103 टाटा-अमृतसर एक्सप्रेस 2 दिसम्बर से 26 फरवरी 2025 तक रद्द रहेगी. इसी प्रकार गाड़ी संख्या 18104 अमृतसर-टाटा एक्सप्रेस 4 दिसम्बर से 28 फरवरी 2025 तक रद्द रहेगी.
वहीं कोडरमा के रास्ते होकर चलने वाली गाड़ी संख्या 12988 अजमेर सियालदाह एक्सप्रेस 1 दिसम्बर से 28 फरवरी प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को रद्द रहेगी. इसी प्रकार गाड़ी संख्या 12987 सियालदाह अजमेर एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को रद्द रहेगी. बताते चलें कि दिसम्बर में शादी-विवाह एवं बड़ा दिन और नए वर्ष की छुटियां मनाने कई लोग देश के विभिन्न राज्यों में जाते हैं. ऐसे में उनके पर्यटन स्थलों पर जाने के लिए दूसरी ट्रेनों को विकल्प के रूप में खोजना होगा. यहाँ यह भी बताना जरूरी है कि रेलवे के द्वारा कई अन्य ट्रेनों को भी रद्द किया जा सकता है और फेरे में कटौती की जाएगी. रेलवे में दिल्ली, मुंम्बई तथा उत्तर भारत से आनेवाली कई ट्रेनें विलंब से कोडरमा पहुँचती है और वीवीआइपी राजधानी सहित कई ट्रेनें काफी विलंब होने के कारण एकाएक रद्द भी किया जाता है. ऐसे में यात्रियों को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है.


