कोरोना ने बढायी झारखंड में अवसाद की समस्या, बढ गए आत्महत्या के मामले, जानें आंकड़े

रांची : पिछले डेढ सालों में कोरोना महामारी ने समाज के हर तबके को बुरी तरह प्रभावित किया है। इससे लोगों का स्वास्थ्य, आर्थिक स्थिति के साथ मानसिक स्थिति भी प्रभावित हुई है। कोरोना ने लोगों को बुरी तरह से हताश व निराश किया है और इससे आत्महत्या के मामले बढे हैं।
आंकड़ों के अनुसार, साल 2019 की तुलना में 2020 में झारखंड में 499 अधिक लोगों ने आत्महत्या की। यह आंकड़े राज्य क्राइम रिकॉड ब्यूरो के हवाले से हैं। साल 2019 में राज्य में 1646 लोगों ने आत्महत्या की थी, जबकि 2020 में यह संख्या बढकर 2145 हो गयी। आत्महत्या का ट्रेंड यह दर्शाता है कि युवा वर्ग के लोग यानी 18 से 30 साल के बीच की उम्र के लोग अधिक आत्महत्या कर रहे हैं। वर्ष 2019 में 594 युवाओं ने आत्महत्या की थी, वहीं, 2020 में यह संख्या 905 हो गयी।
आंकड़ों के अनुसार, साल 2019 में 14 साल कम उम्र के 47 जबकि 2020 में 45 बच्चों ने आत्महत्या की। 2019 में 14 से 18 साल की उम्र के 318 जबकि 2020 में 411 लोगों ने आत्महत्या की। 19 से 30 साल की उम्र के 594 लोगों ने 2019 में, जबकि 905 लोगों ने 2020 में आत्महत्या की। 31 से 45 साल के 462 लोगों ने 2019 में और 484 लोगों ने 2020 में आत्महत्या की। वहीं, 46 से 60 साल की उम्र के 193 लोगों ने 193 में जबकि 2020 में 184 लोगों ने आत्महत्या की।
कोरोना काल में नौकरी जाने, अपने परिजनों को खोने, खुद बीमारी से पीडि़त होने, लॉकडाउन के कारण घरों में कैद रहने, लॉकडाउन के कारण अधिक समय तक ऑनलाइन रहने जैसी स्थितियों ने लोगों की हताशा व निराशा बनाया। सामाजिक तौर पर मित्रों व परिजनों से मिलना कम हो गया, उत्सवों का आयोजन सीमित हो गया, इसने भी तकलीफ बढायी।


