रमेश बैस ने झारखंड के राज्यपाल पद की शपथ ली, कही यह बात

रांची : झारखंड के नव नियुक्त राज्यपाल रमेश बैस ने बुधवार को राज्यपाल पद का शपथ ग्रहण किया। रमेश बैस झारखंड के 10वें राज्यपाल बने हैं। झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डॉ रवि रंजन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी।

शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन राजभवन के बिरसा मंडप में किया गया। इस आयोजन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं कैबिनेट के सहयोगी व अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।

रमेश बैस इससे पहले त्रिपुरा के राज्यपाल थे और हाल में केंद्र द्वारा उन्हें झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया।

राज्यपाल रमेश बैस ने शपथ लेने के बाद कहा कि इससे पहले वे त्रिपुरा में थे और जहां भी रहे विकास पर ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ राज्य के विकास के लिए जो भी योजना होगी, केंद्र सरकार की मदद से काम किया जाएगा।


रमेश बैस छत्तीसगढ की राजनीति में बड़ा नाम रहे हैं और एक पार्षद से उन्होंने सांसद व केंद्रीय मंत्री तक का सफर तय किया था। उन्होंने मुख्यमंत्री के रेस में भी माना जाता रहा लेकिन कभी मुख्यमंत्री नहीं बन पाए। वे रायपुर लोकसभा सीट से सात बार सांसद चुने गए और भाजपा संसदीय दल के मुख्य सचेतक भी रहे। रमेश बैस ने राज्यपाल के रूप में पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू की जगह ली है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More