झारखंड के करीब ढाई लाख किसानों का कर्ज माफ, सरकार ने बैंकों को दिए 980.06 करोड़ रुपये

रांची : झारखंड में चल रही झामुमो-कांग्रेस सरकार ने अपने चुनावी वादे को पूरा करते हुए अबतक करीब ढाई लाख किसानों का कर्ज माफ किया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अबतक करीब 2, 46, 012 किसानों का कर्ज माफ किया गया है। किसानों का कर्ज चुकाने के लिए झारखंड सरकार ने कुल 980.06 करोड़ रुपये बैंकों को दिया है।

बैंकों के आंकड़े के अनुसार, राज्य के कुल 9,02,603 किसानों ने कर्ज लिया था, जिनमें अबतक 5,61, 333 किसानों का डाटा अपलोड किया गया है। झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा है कि किसानों का कर्ज माफ करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। यह राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं में एक है और इसके तहत किसानों को लगातार राहत पहुंचायी जा रही है। कृषि मंत्री के अनुसार, कर्ज माफी के लिए सभी प्रकार के राशन कार्ड योग्यता निर्धारित करने के लिए उपयोग किए जा रहे हैं। मंत्री ने किसानों से बैंक जाकर अपने खाते को आधार से लिंक करने का आग्रह किया है और किसी भी तरह की परेशानी आने पर जिला कृषि पदाधिकारी से उसका समाधान कराया जा सकता है। बैंकिंग काॅरेस्पेंडेंट के काम में गति लाने का निर्देश दिया गया है।

झारखंड राज्य खाद्य निगम ने गुरुवार को किसानों को धान का पैसा देने के लिए करीब 58 करोड़ रुपये जिलों को भेजा है। इससे पहले करीब 10 करोड़ रुपये भेजे गए थे, जबकि जिलों में पहले से 34 करोड़ रुपये हैं। इस तरह करीब 102 करोड़ रुपये जिलों में उपलब्ध हैं। किसानों को इस राशि का जल्द भुगतान करने का निर्देश दिया गया है।

वहीं, भारतीय खाद्य़ निगम के पास भी राशि बकाया है। निगम से इस राशि की मांग की जा रही है, ताकि इसे किसानों को वितरित किया जा सके।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More