झारखंड : राज्यपाल रमेश बैस ने टीएसी में गवर्नर की शक्तियां कम करने की जानकारी राष्ट्रपति को दी

नयी दिल्ली : झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को टीएसी यानी ट्राइबल एडवाइजरी कमेटी में राज्यपाल की शक्ति को कम करने की जानकारी दी है। राज्यपाल रमेश बैस ने गुरुवार (11 नवंबर 2021) को नयी दिल्ली में आयोजित 51वें राज्यपाल सम्मेलन में यह जानकारी दी है।

राज्यपाल की ओर से कहा गया है कि राज्य सरकार द्वारा राज्यपाल की पूर्व सहमति व स्वीकृति के बिना टीएसी के गठन और सदस्यों की नियुक्ति में राज्यपाल की शक्ति समाप्त कर दी गयी है।

इसके अलावा नगर निगम के मेयर व नगरपालिका के अध्यक्ष की शक्ति भी राज्य सरकार द्वारा कम की गयी है। रमेश बैस ने बताया कि इस संबंध में वे कानूनी सलाह ले रहे हैं।

राज्यपाल रमेश बैस ने राष्ट्रपति को यह भी जानकारी दी है कि राज्य में सरना धर्म कोड को लागू करने की निरंतर मांग उठ रही है। कई प्रतिनिधिमंडल ने इसको लेकर उनसे भेंट की है, हालांकि आधिकारिक रूप से यह मामला उनके पास अभी नहीं आया है।

सम्मेलन के दौरान राज्यपाल ने बताया कि राज्य के विश्वविद्यालयों में 30 प्रतिशत क्षमता के साथ ही शैक्षणिक कार्य हो रहा है। झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा वर्ष 2008 के बाद विश्वविद्यालयों में कोई नियुक्ति नहीं की गयी है।

राज्यपाल ने छह प्रतिभाशाली जनजातीय छात्रों को मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा छात्रवृत्ति योजना के तहत विदेश में उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति देने की जानकारी दी।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More