झारखंड : दिसंबर में पंचायत चुनाव कराने का लिया जा सकता है निर्णय, कैबिनेट की बैठक पर निगाह

रांची : झारखंड में इस साल 10 से 30 दिसंबर के बीच पंचायत चुनाव कराने का निर्णय लिया जा सकता है। इसको लेकर आज यानी 21 अक्टूबर को कैबिनेट की बैठक में चर्चा हो सकती है। सूत्रों का कहना है कि पंचायती राज विभाग ने पंचायत चुनाव का प्रस्ताव तैयार कर लिया है।

चार से पांच चरण में 10 से 30 अक्टूबर के बीच पंचायत चुनाव कराया जा सकता है। कैबिनेट में अगर पंचायत चुनाव को स्वीकृति मिलती है तो इसके प्रस्ताव को राज्यपाल को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा, वहां से इसके मंजूर होते चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी और राज्य में आचार संहिता प्रभावी हो जाएगा।

पंचायत चुनाव के मद्देनजर जून से वोटर लिस्ट का पुनर्रिक्षण किया जा रहा है। सीटों को आरक्षित करने व चुनाव चिह्न को अधिसूचित करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है। प्रत्येक जिले को भी चुनाव से संबंधित वेबसाइट शुरू करने का निर्देश दिया गया है।

मालूम हो कि झारखंड में पिछला पंचायत चुनाव 2015 में हुआ था। कोरोना संक्रमण के कारण दिसंबर 2020 में इसका चुनाव नहीं कराया जा सका, जिससे पंचायती राज संस्थाएं विघटित हो गयीं। फिर जनवरी में अधिसूचना जारी कर छह महीने के लिए कार्यकारी संस्थाओं का गठन किया गया। इसे दोबारा विस्तार मिला। ऐसे में अब पंचायत चुनाव कराना आवश्यक हो गया है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More