झारखंड : शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो को अस्पताल से मिली छुट्टी, जल्द आएंगे रांची

रांची : झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो को लंबी बीमारी के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गयी है। वे जल्द अब राज्य वापस लौटेंगे। झामुमो नेता व झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो पिछले साल कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे और इसके बाद रांची के रिम्स व मेडिका अस्पताल में उनका इलाज चला और फेफड़े को ट्रांसप्लांट किया गया।

हालांकि बाद में उनके फेफड़े में संक्रमण हो गया था और गंभीर हाल में उन्हें एयरलिफ्ट कर चेन्नई ले जाया गया जहां उन्हें एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल से उन्हें छुट्टी मिलने की सूचना राज्य के एक अन्य मंत्री चंपई सोरेन ने ट्वीट कर दी और इसे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी रिट्वीट किया।

जगरनाथ महतो को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उनका परिवार भी चेन्नई पहुंच गया है और फिलहाल वे एक सप्ताह वहीं रहेंगे। एक सप्ताह बाद वे परिवार सहित प्रदेश वापस आ जाएंगे। डाॅक्टरों के अनुसार, उन्हें रांची आने पर गंदगी, संक्रमण व एलर्जी वाली जगहों से दूर रहना होगा।

उन्हें कम से कम लोगों के संपर्क में आने का कहा गया है ताकि संक्रमण न फैले और नियमित रूप से दवाओं का कोर्स करना होगा और समय-समय पर उनकी स्वास्थ्य जांच होगी।

चेन्नई में इलाज के दौरान समय-समय पर झारखंड से मंत्री व अन्य महत्वपूर्ण लोग उनसे मुलाकात करने जाते रहे। उन्होंने कहा है कि वे प्रदेश लौट कर अपने काम पर फिर से लग जाएंगे।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More